The arrival of paddy is increasing in the mandis, 35 thousand quintals of paddy reached Narayangarh grain market, farmers in confusion due to non-procurement
- फोटो : Ambala
(अंबाला) नारायणगढ़। मंडी में आने वाले धान की आवक आए दिन बढ़ती ही जा रही है। मौसम ठीक रहा तो नारायणगढ़ अनाजमंडी में धान की आवक में काफी तेजी आएगी और जगह भी कम पड़ जाएगी। एक अनुमान के अनुसार अब तक नारायणगढ़ अनाज मंडी में लगभग 35 हजार क्विंटल धान की आवक हो चुकी है। धान की सरकारी खरीद की तिथि के बारे में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि सरकारी एजेंसी हैफेड के जिला प्रबंधक शीश पाल गौरी ने धान की सरकारी खरीद आगामी एक अक्तूबर होने की बात कही है।
उन्होंने यह भी कहा है कि नारायणगढ़ भरेड़ी कलां अनाजमंडी में धान की सरकारी खरीद पूरे सप्ताह हैफेड ही करेगी तथा शहजादपुर में सोमवार, बुधवार तथा शुक्रवार को धान की खरीद हैफेड करेगी। शेष दिनों में हरियाणा वेयरहाउस कॉरपोरेशन करेगा। जिला प्रबंधक की घोषणा को भी यदि सही माने तो यह सवाल भी सामने खड़ा है कि हैफेड यदि धान की खरीद करती है तो वह इसका भंडारण व बिलिंग किससे कराएगी। क्योंकि अंबाला जिला के साथ-साथ अन्य जिलों के निजी चावल मिल मालिकों ने भी केंद्र द्वारा थोपी गई शर्तों, जैसे की धान की मीलिंग के बाद चावल लेने के लिए टुकड़े की मात्रा 25 प्रतिशत से घटाकर 20 प्रतिशत, डैमेज व बदरंग चावल की मात्रा 3 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत तथा चावल की नमी की मात्रा 14-15 प्रतिशत से घटाकर 13-14 प्रतिशत कर दिए जाने से पर धान सरकारी एजेंसियों द्वारा खरीदे गए धान की मीलिंग व भंडारण करने पर पूरी तरह से मना कर दिया है।
मिल मालिकों का कहना है कि यदि भारतीय खाद्य निगम पूर्व की भांति मापदंडों पर चावल लेगी तो वह मीलिंग व भंडारण करने को तैयार है परंतु अभी तक सरकार व निजी चावल मिल मालिकों में पेंच फंसा हुआ है। नारायणगढ़ अनाज मंडी में धान की आवक में आये दिन बढ़ोतरी हो रही है।