मोहड़ा स्थित गोदाम, जहां से शराब मिली।
- फोटो : अमर उजाला
गोदाम के बाहर वाटर सप्लाई का साइन बोर्ड लगाकर शराब की हजारों पेटियां अंबाला के मोहड़ा इलाके से पड़ोसी राज्यों में तस्करी की जा रही थीं। इस गोदाम से शराब तस्करी का कारोबार काफी समय से किया जा रहा था। मगर हरियाणा पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। बहरहाल पंजाब पुलिस द्वारा मोहाली से गिरफ्तार तस्कर की निशानदेही पर शुक्रवार देर रात को अंबाला जिले के मोहड़ा स्थित उपरोक्त गोदाम से हजारों शराब की पेटियां बरामद की गई थीं। हालांकि शराब तस्करी के इस धंधे में कौन-कौन से बड़े नाम शामिल हैं, इस पर अभी भी पर्दा पड़ा हुआ है। पंजाब पुलिस ने मोहाली से गिरफ्तार तस्करों से हजारों शराब की पेटियां बरामद की थीं।
मोहड़ा स्थित चहारदीवारी में खड़े ट्रक और कार्रवाई करती पुलिस।
ये भी पढ़ें-
करनाल: देश में पहली बार ड्रोन से खाद के छिड़काव की शुरुआत, प्रति एकड़ स्प्रे में 10 मिनट लगेंगे, खाद और पानी भी बचेगा
तस्करों से मिला था इनपुट।
इन तस्करों से मिले इनपुट के आधार पर पंजाब पुलिस ने हरियाणा पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मोहड़ा स्थित एक गोदाम पर छापामारी की थी और यहां से भी शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ था। बताया जा रहा है कि इस धंधे में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी पुलिस को मिली है। मोहाली के डीएसपी गुरशेर सिंह संधू ने बताया कि पुलिस ने अभी बरामदगी की है, लेकिन इस बरामदगी के बाद नामों का खुलासा रविवार को मोहाली के एसएसपी ही करेंगे। थाना पड़ाव प्रभारी देवेंद्र सिंह से जब गोदाम के मालिक बारे जानकारी मांगी गई तो उन्होंने बताया कि अभी गोदाम मालिक का पता नहीं चला है और उसकी तलाश जारी है।
15 फीट की चहारदीवारी से घिरा था गोदाम
पंजाब और हरियाणा पुलिस ने शुक्रवार देर रात को जिस गोदाम में छापामारी की थी, उस पर लगे साइन बोर्ड से साफ हो गया कि वहां कारोबार वाटर सप्लाई का नहीं, बल्कि शराब तस्करी का चल रहा था, जहां पड़ोसी राज्यों में तस्करी की जाने वाली शराब को स्टोर किया जाता था। इस गोदाम की चहारदीवारी 15-15 फुट ऊंची थी, जिसके भीतर खड़े ट्रक बाहर से नजर नहीं आते थे। इस गोदाम के गेट का ताला तोड़कर पुलिस ने शराब का जखीरा बरामद किया था।
ये भी पढ़ें-
हरियाणा: मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया उत्तम बीज पोर्टल का शुभारंभ, बोले-किसानों को मिलेगा बेहतर बीज
सब्जियों के कैरेट के पीछे छुपाकर होती थी शराब की तस्करी
मोहाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब पुलिस ने जिन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया था, उन्होंने पूछताछ में बताया कि वह सब्जियों के कैरेट की आड़ में एक से दूसरे राज्य में शराब की सप्लाई अवैध रूप से करते थे।। अभी पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है कि इनके द्वारा किन-किन राज्यों में शराब की अवैध सप्लाई की जा रही थी।
अंबाला पुलिस ने भी किया मामला दर्ज
पड़ाव थाने के एसएचओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि दुखेड़ी रोड पर नजदीक होरलिक्स गोदाम रक्बा गांव मोहड़ा में मिली शराब की पेटियों को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत के अनुसार पुलिस को कुल 3439 शराब की पेटियां मिली हैं। पेटियों को विक्रम इंटरप्राइसेस होलसेल वाटर के नाम से बने गोदाम में रखा गया था।