अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल के प्रसूति विभाग में गर्भवती को रेफर करने पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। शुक्रवार देर रात को परिजनों ने नर्सिंग ऑफिसर को देखने लेने तक की धमकी दे डाली। देखते ही देखते मामला इतना गर्मा गया कि नर्सिंग ऑफिसर को डॉयल 112 गाड़ी बुलानी पड़ी। आखिर में परिजनों को समझाने के बाद महिला को रेफर किया।
ताया जाता है कि रात के समय जिस गर्भवती महिला की डिलिवरी होनी थी उसका तीसरा बच्चा था। पहले भी दो ऑपरेशन से हुए थे और तीसरा भी ऑपरेशन से होना था। नर्सिंग ऑफिसर का कहना है कि ऐसे में थोड़ा खतरा बढ़ जाता है। पैनल पर महिला विशेषज्ञ को फोन किया तो उन्होंने रेफर करने की बात कहीं। जैसे ही महिला को रेफर करने की प्रक्रिया शुरू हुई तो परिजनों ने रोष जताना शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में डिलिवरी होनी चाहिए। हालांकि स्टाफ ने उन्हें कारण भी बताया लेकिन वह नहीं समझे। करीब पौने घंटे तक प्रसूति विभाग में नर्सिंग ऑफिसर व स्टाफ संग परिजनों की बहस चली। देखते ही देखते मरीजों व तीमारदारों का भी जमावड़ा लग गया। हालांकि इस संबंध में अभी तक पुलिस के पास कोई भी शिकायत नहीं पहुंची है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।