अंबाला। अंबाला मंडल के कालका-शिमला सेक्शन पर दो ट्रेनों में अनारक्षित सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बों को बहाल कर दिया गया है। यह जानकारी मंडल रेल प्रबंधक गुरिंद्र मोहन सिंह ने दी। उन्होंने अवगत कराया कि 12 फरवरी को कालका शिमला खंड पर निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक उत्तर रेलवे द्वारा जनता की मांग को देखते हुए द्वितीय श्रेणी के कोचों के आरक्षण को खत्म करने के लिए आदेश दिया था। इसके बाद अंबाला मंडल ने मुख्यालय को एक प्रस्ताव भेजा था।
अब ट्रेन नंबर 52453/54 कालका-शिमला मेल और 52455/56 के कालका-शिमला हिमालयन क्वीन एक्सप्रेस में मंगलवार से आरक्षण की व्यवस्था खत्म कर दी गई है। इन ट्रेनों के लिए सामान्य टिकट जारी किए गए हैं। इससे गर्मी के मौसम में स्थानीय जनता और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा होगी। जनता की मांग के आधार पर रेलवे बोर्ड ने अंबाला मंडल को इन आरक्षित ट्रेनों में अनारक्षित सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बों की अनुमति दी है। इन विशेष ट्रेन सेवाओं के लिए किराए की संरचना सेकंड सीटिंग मेल/एक्सप्रेस अनारक्षित किराया होगा।