अंबाला। ट्रेन संचालन आरंभ होते ही रेलवे ने प्लेटफार्म टिकट के रेट कम कर दिए हैं। पहले जहां प्लेटफार्म टिकट लेने के लिए यात्रियों के परिजनों सहित आमजन को 30 रुपये देने पड़ते थे, अब प्लेटफार्म टिकट के लिए सिर्फ 10 रुपये ही देने होंगे। रेलवे ने तुरंत प्रभाव से व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। कोरोना संक्रमण के फैलाव और यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने लगभग 6 महीने पहले अप्रैल माह में प्लेटफार्म टिकट के दाम में बढ़ोतरी कर दी थी, हालांकि प्लेटफार्म टिकट के रेट बढ़ने से लोगों को काफी परेशानी हुई थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों का कहना था कि स्टेशन पर बेवजह घूमने वाले लोगों पर लगाम लगाने के मकसद से ही प्लेटफार्म टिकट के दाम बढ़ाए गए थे।
300 रेलगाड़ियों का हो रहा संचालन
मौजूदा समय में लंबी दूरी की 400 रेलगाड़ियों का संचालन रेलवे द्वारा किया जा रहा है। इसमें यात्री ट्रेनों की संख्या लगभग 250 के करीब है और मालगाड़ियों की संख्या 50 के करीब। इस कारण पहले के मुकाबले अब यात्रियों की संख्या भी काफी बढ़ गई है। पहले जहां रोजाना स्टेशन पर 2 से 3 हजार यात्री आते थे, वहीं अब रोजाना 10 से 12 हजार यात्री स्टेशन पर आ रहे हैं। अगर प्लेटफार्म टिकट बिक्री की बात करें तो रोजाना 60 से 70 प्लेटफार्म टिकट भी काटे जा रहे हैं।
आमजन को दी राहत
अधिकांश लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन आरंभ हो गया है। स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की संख्या में भी काफी बढ़ोत्तरी हुई है। सभी सुविधाओं को मद्देनजर रखते हुए प्लेटफार्म टिकट के रेट 30 रुपये से घटाकर अब 10 रुपये किए गए हैं। इससे यात्रियों के परिजनों को काफी राहत मिलेगी।
-हरी मोहन, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।