अंबाला। आमजन के लिए बनाए गए नए एसी इकोनॉमी एलएचबी कोच के आरक्षण को लेकर रेलवे ने तैयारी आरंभ कर दी है। रेलवे ने ट्रेन का बुकिंग और कोच कोड जारी कर दिया है। तृतीय श्रेणी इकोनॉमी कोच का बुकिंग कोड 3ई होगा और कोच का कोड एम होगा, वहीं कोच के किराए को लेकर भी प्रक्रिया जारी है।
उम्मीद है कि आगामी कुछ दिनों में कोच में सफर करने का किराया भी निर्धारित हो जाएगा। कपूरथला रेल कोच फैक्टरी में तैयार इकोनॉमी कोच में 72 की जगह 83 सीटों का प्रावधान किया गया है, वहीं तैयार कोच को अलग-अलग जोन को सौंपने की तैयारी भी हो रही है। यात्रियों को राहत पहुंचाने के मकसद से रेलवे ने नए कोच को लेकर कोड जारी कर दिए हैं ताकि ट्रेनों में लगते ही नए कोच की बुकिंग आसानी से आरंभ हो सके। ट्रेनों की सभी श्रेणी के कोच व सीट कोड के बारे में जोन के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक को सूचना भेजी गई है।
रेलवे की तरफ से प्रत्येक श्रेणी के लिए बुकिंग और कोच कोड जारी किए जाते हैं। नए तृतीय एसी इकोनॉमी कोच कपूरथला फैक्टरी में तैयार किए गए थे, अब आगामी कार्रवाई के लिए इनका कोच व बुकिंग नंबर जारी किया गया है ताकि आगामी दिनों में आरक्षण को लेकर कोई परेशानी न रहे। अभी किराए के संबंध में सूचना नहीं आई है।
-वीके पूरवाल, एपीआरओ, उत्तर रेलवे।