फुटबाल संघ के पदाधिकारी बैठक करते हुए।
- फोटो : Ambala
अब जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में दूसरे जिलों या राज्यों के खिलाड़ी प्रतिभाग नहीं कर सकेंगे। यह निर्णय अर्जुन फुटबॉल क्लब के सदस्यों की बैठक में लिया गया। इसकी क्लब के चेयरमैन राजेंद्र विज ने की। बैठक में उनकी टीम के जिले स्तर पर हारने के कारणों पर चर्चा की गई।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष अर्जुन फुटबॉल क्लब ने जिला फुटबॉल प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया था। चेयरमैन विज ने सदस्यों को बताया कि उन्होंने हरियाणा फुटबॉल एसोसिएशन के प्रधान कंवर अम्मू और सचिव ललित चौधरी से बात की है। उन्हें बताया गया कि किसी भी स्तर पर जिला फुटबॉल प्रतियोगिता में अंबाला जिले के बाहर के खिलाड़ियों के भाग लेने से स्थानीय खिलाड़ियों में रोष है। खिलाड़ियों का कहना है कि सारा साल अभ्यास वे करते हैं और कुछ क्लबों के चौधरी पंजाब, चंडीगढ़ और पटियाला से प्रोफेशनल प्लेयर लाकर अपनी फुटबॉल की टीम बनाकर अंबाला की टीमों को हराने का काम करते हैं।
विज ने बताया कि दोनों अधिकारियों ने यह आश्वासन दिया है कि आगे से बाहर का खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेगा। अर्जुन क्लब ने यह भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि अगले वर्ष से हर वर्ष एक फुटबॉल की प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें जीतने वाली टीम को अर्जुन फुटबॉल अवार्ड से नवाजा जाएगा। बैठक में अतिरिक्त प्रेस सचिव लोकेश योगराज शर्मा, कोच संजय विज, ललित अवस्थी, नवीन कुमार, कनव, चिंटू, अमित भोला, रॉकी और विक्की उपस्थित रहे।
राजेश कुमार होंगे क्लब सचिव
बैठक में क्लब सचिव हरपाल सिंह मंगा की मृत्यु पर शोक प्रकट किया गया और अर्जुन क्लब का विस्तार किया गया। क्लब के सचिव जोगराज ने बताया कि मंगा की जगह अब क्लब के सचिव राजेश कुमार और उप प्रधान संजीव कुमार अवस्थी होंगे। क्लब के अध्यक्ष श्याम सुंदर ने कहा कि उन्हें आगे कड़ी मेहनत करके अपनी टीम को फिर से पहले नंबर पर लाना है। उन्होंने सदस्यों को आश्वासन दिया कि अर्जुन टीम को किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।