सीआईए ने छावनी रेलवे स्टेशन से एक आरोपी को 8 किलो 370 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी गांजा बिहार के छपरा से लेकर आया था, जो चंडीगढ़ पहुंचाना था। आरोपी ने बताया कि गांजा की सप्लाई करके उसे रुपये मिलते, जिससे वो अपनी बेटी की शादी करवा पाता। आरोपी की पहचान छपरा, बिहार के निरंजन सिंह के रूप में हुई। सीआईए ने आरोपी निरंजन के खिलाफ छावनी जीआरपी थाने में केस दर्ज किया है।
सीआईए इंचार्ज जोगिंदर सिंह ने बताया कि टीम में तैनात एसआई राजकुमार, सिपाही जयसिंह, योगेश व कृष्ण शराब व अवैध हथियारों की तस्करी के संबंध में रेलवे स्टेशन पर जांच कर रहे थे। इस दौरान जयनगर से अमृतसर की तरफ जाने वाली शहीद एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर 6 पर आकर रुकी। ट्रेन से उतरे यात्रियों के सामान की जांच के दौरान आरोपी के बैग की तलाशी ली तो इसके अंदर रखे एक पॉलिथीन से गांजा बरामद हुआ। जिसका वजन 8 किलो 370 पाया गया। गांजा की कीमत करीब 70 हजार रुपये है। उन्होंने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि गांजा की तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की धरपकड़ की जा सके।
बेटी की शादी के लिए चाहिए थे रुपये
पूछताछ में आरोपी निरंजन ने बताया कि उसकी बेटी की शादी थी, पैसों का जुगाड़ नहीं हो रहा था। इसलिए पहले तस्कर से संबंध स्थापित किया और फिर ट्रेन से अंबाला पहुंचकर चंडीगढ़ में गांजा सप्लाई देने की योजना बनाई थी, ताकि चंडीगढ़ गांजा पहुंचाकर थोड़ा पैसा मिल जाए और बेटी की शादी हो जाए। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।