अंबाला। लगभग पांच करोड़ के लंबित गृहकर की वसूली को लेकर नगर परिषद ने कार्रवाई आरंभ कर दी है। इसकी शुरुआत मंगलवार को छावनी के अलग-अलग क्षेत्रों से की गई। लगभग दो घंटे तक चली कार्रवाई के बावजूद एक लाख रुपये का गृहकर ही वसूल हो पाया जबकि अन्य लोगों ने दो दिन के अंदर गृहकर जमा करवाने का लिखित आश्वासन दिया है। उक्त कार्रवाई नगर परिषद के सचिव राजेश कुमार की अध्यक्षता में की गई। कार्रवाई की शुरुआत सुभाष पार्क की तरफ जाने वाले रास्ते पर बनी दुकानों से आरंभ हुई जोकि बंगाली मोहल्ला, टिंबर मार्केट और निकलसन रोड पर की गई।छावनी के सैकड़ों लोगों पर एक से पांच-पांच लाख तक गृहकर लंबित है। इसमें रिहायशी क्षेत्र और वाणिज्यिक संस्थान भी शामिल हैं। ऐसे ही तीन लोगों पर कार्रवाई को लेकर जब नप टीम पहुंची तो एक व्यक्ति ने 1.83 लाख के लंबित गृहकर को लेकर एक लाख रुपये का चेक थमा दिया। वहीं दो मालिकों पर 1.36 और 1.05 लाख रुपये का गृहकर लंबित था। उन्होंने लिखित में दिया है कि वो दो दिन के अंदर गृहकर जमा करवा देंगे।
लगभग पांच करोड़ का गृहकर रिहायशी और वाणिज्यिक संस्थानों पर लंबित है। गृहकर प्राप्ति के लिए मंगलवार से अभियान आरंभ कर दिया है जो लगातार जारी रहेगा। लगभग एक लाख रुपये का गृहकर वसूला गया है। गृहकर जमा न करवाने वाले लोगों की प्रापर्टी को सील किया जाएगा।
राजेश कुमार, सचिव नगर परिषद सदर।