शहजादपुर। गुरुग्राम के दो व्यक्तियों को अंबाला में चेरिटेबल अस्पताल बनाने के लिए जमीन की आवश्यकता थी। उन्होंने शहजादपुर के मघ्घरपुरा गांव में जमीन देखी और भू-मालिक से डील कर ली। बाद में भू-मालिकों ने उसके साथ जमीन के सौदे में चार करोड़ 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर दी। मामले की शिकायत दिल्ली निवासी रमित कुमार ने दी है। रमित के माध्यम से यह डील की जा रही थी। रमित की शिकायत पर थाना शहजादपुर पुलिस ने रामदास धुसा, लोकेश, पल्लवी, वीना, सुशील, मोहित, नेहा यादव व रजत मलिक को आरोपी बनाते हुए धोखाधड़ी, षणयंत्र, अमानत में ख्यानत सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है। शिकायत में दिल्ली के टैगोर गार्डन स्थित जनका कॉलोनी निवासी शिकायतकर्ता रमित कुमार ने बताया कि उनके रिश्तेदार गुरुग्राम निवासी नवीन गिरोत्रा और अनिल गिरोत्रा को चेरिटेबल अस्पताल बनाने के लिए अंबाला में मुख्य सड़क पर जमीन की जरूरत थी। इसको लेकर शिकायतकर्ता के रिश्तेदार गांव बराड़ा निवासी रजत मलिक ने गांव मघ्घरपुरा में रोड पर जमीन दिखाई जो पसंद आ गई। इसके बाद रजत ने 15 फरवरी 2021 को इस जमीन के मालिक रामदास धुसा के साथ उसके घर गांव मघ्घरपुरा में उसके परिजनों जिसमें बेटा लोकेश, पत्नी वीना के सामने जमीन को शिकायतकर्ता व उनके भाई मनोज कुमार के साथ कच्चे तौर दो करोड़ 65 लाख रुपये में लगभग 43 कनाल पांच मरले जो सड़क के साथ लगती है उसका सौदा तय किया।
सौदे के अनुसार शिकायतकर्ता ने जमीन मालिक रामदास को बयाने के रूप में 50 लाख रुपये दे दिये। इसके बाद आठ मार्च 2021 को शिकायतकर्ता के रिश्तेदार अनिल गिरोत्रा व रामदास धुसा ने बराड़ा तहसील से मुबलिग दो हजार रुपये का स्टांप पेपर लेकर कुल रकबा की जानकारी दी। जमीन मालिक को बैंक की देनदारी देनी थी इसलिए 20 जनवरी 2022 को रजिस्ट्री करने की बात तय हुई। बाद में रामदास, लोकेश, वीना रानी व रामदास की बेटी पल्लवी व दामाद मोहित ने बड़ी चालाकी से षड्यंत्र रचकर रजिस्टरी की निश्चित तारीख से पहले ही यह कह दिया कि शिकायतकर्ता द्वारा पसंद की गई जमीन चोरस हो जायेगी। ऐसे में पल्लवी से छह कनाल 16 मरले व वीना रानी से तीन कनाल 19 मरले जमीन खरीद लेते हैं तो फायदा होगा। पल्लवी व उसके पति मोहित व रामदास वगैरा के कहे अनुसार शिकायतकर्ता ने पल्लवी के बैंक खाते में कुल 20 लाख रुपये डाल दिये जबकि पल्लवी की उपरोक्त जमीन की कीमत रजिस्टरी के अनुसार 16 लाख 15 हजार रुपये थी। इस तरह पल्लवी व इसके पति मोहित ने हमारे से तीन लाख 92 हजार 500 रुपये अधिक यह कहकर ले लिये कि हम अपने पिता रामदास की जमीन के रुपयों में से यह रकम कटवा देंगे। इसके बाद भी आरोपी इनसे रुपये ऐंठते रहे। इस जमीन को लेकर पीड़ित के साथ कुल चार करोड़ 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है।