आगामी त्योहारों को देखते हुए रेलवे ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं में बढ़ोतरी की है। रेलवे ने सप्ताह के तीन दिन चलने वाली जयपुर-दौलतपुर चौक को अब रोजाना चलाने का फैसला किया है, वहीं सप्ताह के एक दिन चलने वाली बीकानेर-हरिद्वार एक्सप्रेस भी अब सप्ताह के तीन दिन चलाया जाएगा। इसी प्रकार सचखंड हजूर साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी श्रीगंगानगर-नांदेड़ के बीच द्वि-साप्ताहिक ट्रेन संचालन का फैसला किया है, हालांकि यह ट्रेन धूरी-रोहतक के रास्ते चलेगी।
मंडल वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक हरी मोहन ने बताया कि सप्ताह के तीन दिन चलने वाली ट्रेन नंबर 09717/09718 जयपुर-दौलतपुर चौक-जयपुर अब रोजाना चलेगी। जयपुर से ट्रेन 9 अगस्त को रात 8.35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6.45 बजे छावनी जंक्शन और 11.55 बजे दौलतपुर चौक पहुंचेगी। वापसी में दौलतपुर चौक से 10 अगस्त को ट्रेन दोपहर 3.40 बजे रवाना होकर रात 8 बजे छावनी जंक्शन और अगले दिन सुबह 6.50 बजे जयपुर स्टेशन पहुंचेगी।
इसी प्रकार सप्ताह के एक दिन चलने वाली ट्रेन नंबर 04717 बीकानेर-हरिद्वार गीता-गंगा एक्सप्रेस 11 अगस्त से प्रत्येक सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को रात 11.25 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11.40 बजे छावनी जंक्शन और दोपहर 3.20 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04718 हरिद्वार से 12 अगस्त को प्रत्येक मंगलवार, वीरवार व शनिवार को शाम 4.45 बजे रवाना होकर 7.35 बजे छावनी जंक्शन और अगले दिन सुबह 7.50 बजे बीकानेर पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 02486 श्रीगंगानगर से सचखंड हजूर साहिब नांदेड़ के लिए 10 अगस्त से प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को चलेगी, वहीं ट्रेन नंबर 02485 नांदेड़-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस 12 अगस्त से प्रत्येक सोमवार व वीरवार चलेगी।