If Sidhu observes a fast of silence permanently, it will bring peace to both the country and the Congress: Vij
- फोटो : Ambala
अंबाला। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के मौन व्रत पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि सिद्धू यदि स्थायी तौर पर मौन व्रत रखें तो इससे देश व कांग्रेस को शांति मिलेगी। मंत्री विज ने कांग्रेस को डूबता हुआ जहाज करार दिया है, जबकि लखीमपुर खीरी मामले में किसान नेताओं को भी धैर्य रखने की सलाह दी है।
उन्होंने हरियाणा के किसानों को समझदार बताते हुए पराली न जलाने की भी सलाह दी। कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू लखीमपुर खीरी घटना के दोषियों की गिरफ्तारी होने तक मौन व्रत पर बैठ गए है। इस पर गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने निशाना साधते हुए कहा कि लखीमपुर खीरी में प्रशासन अपनी कार्रवाई में लगा हुआ है। नवजोत सिंह सिद्धू अगर स्थायी तौर पर मौन व्रत रख लें तो इससे कांग्रेस ओर देश दोनों को शांति मिलेगी। विज ने कहा कि जब कोई जहाज डूबता है तो वो लड़खड़ाने लगता है। उन्होंने कहा कांग्रेस का हाल कुछ ऐसा ही है, यह इसी ओर इशारा है कि कांग्रेस की नैय्या डूबने वाली है।
लखीमपुर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई कर रही सरकार
लखीमपुर खीरी मामले में गिरफ्तारी न होने से खफा संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा 18 अक्तूबर को रेल रोको प्रदर्शन करने का एलान किया गया है। इस पर गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि लखीमपुर खीरी घटना पर उत्तर प्रदेश सरकार निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है। मामले में जांच की जा रही है। उन्होंने किसानों से इस मामले में धैर्य रखने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि किसानों को इस मामले में धैर्य से काम लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा का किसान बहुत ही समझदार है, प्रदेश का किसान पराली जलाने से मिट्टी व पर्यावरण को होने वाले नुकसान को समझता है।