अंबाला। सैनी टोल प्लाजा पर पंजाब की ओर से आई तीन कारों में सवार करीब आधा दर्जन युवकों ने टोल प्लाजा पर ड्यूटी दे रहे सुपरवाइजर और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। नग्गल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव गगसीना जिला करनाल निवासी आनंद ने बताया कि वह सैनी माजरा टोल प्लाजा पर बतौर सुपरवाइजर का काम करता है। शुक्रवार को वह और सुमीत कुमार, अंकित के साथ टोल पर ड्यूटी पर थे। इस दौरान शहर की ओर से पंजाब नंबर की तीन गाड़ियां आई जो एक नंबर लाइन से क्रॉस करने लगी। उसने गाड़ियों को टोल के लिए रोका तो गाड़ियों में से करीब आधा दर्जन लड़के उतरे। आरोपी उसके साथ गालीगलौज कर मारपीट करने लगे। यह देख सुपरवाइजर के साथी दोस्त उसे छुड़वाने के लिए आए तो उन लड़कों ने उनके साथ भी गालीगलौज व मारपीट की।
इसके बाद वह सभी गाड़ियों में बैठकर भाग गए। आरोपी जाते हुए सुपरवाइजर को धमकी दे गए कि अगर दोबारा उनकी गाड़ियों को रोकने का प्रयास किया तो उसे जान से मार देंगे। इस मारपीट में सुपरवाइजर घायल हो गया।