अंबाला। कोरोना के मंगलवार को पांच नए संक्रमित सामने आए हैं। इनमें 12 साल का बच्चा भी शामिल है जिसे होम आइसोलेट किया है। वहीं, एक मरीज नागरिक अस्पताल में दाखिल हुआ है। राहत की बात यह रही कि नौ मरीजों ने कोरोना को मात दी है। अब जिले में सक्रिय मामले 136 रह गए हैं।
बता दें कि सोमवार को कोरोना के एक साथ 37 मामले सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई थी। मंगलवार को केसों में आई गिरावट को लेकर विभाग ने राहत की सांस ली। दूसरी ओर, छावनी नागरिक अस्पताल में शिफ्ट हुए वैक्सीनेशन सेंटर में लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि जिले में कोरोना का रिकवरी रेट 98.35 फीसदी है।
कोविन पोर्टल के डाटा के अनुसार 21 लाख 60 हजार 123 लोगों को वैक्सीनेट किया गया है। डॉ. सुनिधि करोल ने बताया कि 10 लाख 62 हजार 712 लोगों को पहली, जबकि 10 लाख 35 हजार 945 लोगों को कोरोना से बचाव की दूसरी डोज दी गई है। निर्धारित मापदंडों के तहत यह कार्य निरंतरता से जारी रहेगा, ताकि सभी लोगों को वैक्सीनेट किया जा सके।