अंबाला। ट्रेन से मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को जीआरपी व आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के हरसिमरण जीत सिंह उर्फ विक्की व अर्शदीप सिंह उर्फ आशु निवासी तरनतारन के तौर पर हुई। आरोपियों के कब्जे से लगभग एक लाख रुपये मूल्य के पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
जीआरपी जांच अधिकारी सुशील ने बताया कि 23 सितंबर की शाम को वह एएसआई राजेश कुमार, कांस्टेबल ओमबीर, एसपीओ जसबीर सिंह, आरपीएफ एसआई कुबुल सिंह, एचसी सतबीर सिंह व राजेंद्र के साथ स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। लगभग 5.25 बजे जब वह प्लेटफार्म नंबर 1 लुधियाना साइड माल गोदाम पार्सल के सामने पहुंचे तो उसी समय ट्रेन नंबर 04218 ऊंचाहार एक्सप्रेस आकर रुकी।
चेकिंग करते हुए जब टीम एक डिब्बा से दूसरे डिब्बे में प्रवेश कर रही थी तो दो युवक जांच टीम को देखकर मौके से भागने लगे, जिन्हें पीछा करने के बाद पकड़ लिया गया। जांच व पूछताछ के बाद इनके कब्जे से लगभग 35 हजार रुपये को दो मोबाइल फोन बरामद किए। पकड़े गए एक आरोपी ने बताया कि वह पिछले एक साल से ट्रेन में मोबाइल चोरी कर रहा है। दोनों के खिलाफ छावनी जीआरपी थाने मेें मामला दर्ज कर दो दिन का रिमांड हासिल किया और इनके तरनतारन स्थित ठिकानों पर छापामारी की। वहां से भी जांच टीम ने लगभग 65 हजार रुपये के 3 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए। पकड़े गए दोनों युवकों को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया और कोर्ट के आदेशानुसार जेल भेज दिया।