अंबाला सिटी। बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के निवारण के लिए आयोजित बिजली उपभोक्ता शिकायत निवारण समिति की बैठक में पांच शिकायतें पहुंची। इस बैठक में बिजली बिल से संबंधी परेशानी, छतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन तारें, बिल न आने जैसी शिकायतें पहुंची। इन शिकायतों में से अधिकतर शिकायतों को लेकर फोरम के चेयरमैन आरके खन्ना ने संबंधित एक्सईएन व एसडीओ को तुरंत ही शिकायत पर कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए समाधान करने के लिए कहा। बता दें कि जिन लोगों की शिकायत का समाधान जेई, एसडीओ व एक्सईएन स्तर पर नहीं होता है। वह उपभोक्ता इस फोरम में अपनी शिकायत लाते हैं। जहां पर समस्या के समाधान को लेकर निर्देश दिए जाते हैं।
-
यह आई शिकायतें
अमरीक सिंह ने बताया कि वह ट्यूबवेल से संबंधित शिकायत लेकर पहुंचे थे। जिसका बिल उनके पास नहीं आ रहा है। इसको लेकर वह कई बार अधिकारियों के चक्कर काट चुके हैं। परंतु उनकी शिकायत का अभी तक समाधान नहीं हुआ है।
बहबलपुर सरपंच किरपाल सिंह ने बताया कि उनके गांव में हाईटेंशन तारें बहुत ही नीचे से जा रही है। इस कारण गांव में कोई बड़ा हादसा होने का खतरा है। इन्हीं तारों को छतों के ऊपर से हटाने की अधिकारियों के समक्ष गुहार लगाई है। देखते हैं कि अभी क्या होता है।
हेमराज गुप्ता ने बताया कि वह अपनी शिकायत को लेकर पिछले काफी समय से चक्कर काट रहे हैं। परंतु उनकी समस्या का अभी तक हल नहीं हुआ है। उन्होंने जब घर लिया था तो वहां पर दो मीटर लगे थे। इसमें एक मीटर बंद था। परंतु बाद में उसी मीटर का 1 लाख 32 हजार रुपये बिल भेज दिया गया है। उसी को ठीक करवाने के लिए चक्कर काट रहे हैं।
रोहताश कुमार ने बताया कि उनके बिल में स्टेट्स फाल्ट है। उसी को ठीक करवाने के लिए फोरम में पहुंचे हैं। अधिकारियों के आश्वासन दिया है कि उनकी शिकायत का जल्द ही समाधान हो जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारी को भी बिल में सुधार करने के लिए कह दिया गया है।