अंबाला सिटी। भीषण गर्मी के चलते वार्ड नंबर-11 के अंतर्गत आने वाली लठवाल कॉलोनी निवासी बिजली के लो वोल्टेज से परेशान चल रहे हैं। लो वोल्टेज होने के कारण घरों में लगे बिजली के विभिन्न उपकरण खराब हो रहे हैं। ज्यादातर फ्रीज, एसी, कूलर, पंखे, एलईडी लाइटें आदि खराब हो रहे हैं। वहीं, लो वोल्टेज के कारण पेयजल संकट पैदा हो गया है। करीब दो हजार की आबादी के क्षेत्र में बीते कई वर्षों से मात्र एक ही ट्रांसफार्मर है। इसी से पूरे क्षेत्र को बिजली की आपूर्ति हो रही है। इस कारण स्थानीय लोगों को लो वोल्टेज का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना शाम करीब सात बजे से लो वोल्टेज हो जाता है। जैसे-जैसे रात बढ़ने लगती है, लो वोल्टेज में बढ़ोतरी होने लगती।
लठवाल के स्थानीय लोगों ने बताया कि लो वोल्टेज की वजह से पानी की सप्लाई की मोटरें सही ढंग से कार्य नहीं कर रही हैं। इस कारण टंकीं में पानी नहीं पहुंच रहा है। लो वोल्टेज को लेकर स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में व्यवस्था तुरंत दुरुस्त करवाई जाए।
पंखे भी नहीं चल रहे
गर्मी के सीजन में हर वर्ष की तरह इस बार भी बिजली का बहुत ज्यादा संकट है। इस कारण पंखे तक नहीं चल रहे हैं। पंखों आदि से हवा नहीं मिल रही।
-मानसा गुप्ता, स्थानीय निवासी
हो रहा भारी नुकसान
लो वोल्टेज होने के कारण बिजली के ज्यादातर उपकरण प्रतिदिन खराब हो रहे हैं। लो वोल्टेज के कारण लोगों का भारी नुकसान हो रहा है।
- करन, स्थानीय निवासी
टंकी में नहीं चढ़ता पानी
लो वोल्टेज के कारण पेयजल संकट लोगों को सताने लगा है। पानी की सप्लाई की मोटरें सही ढंग से कार्य नहीं कर रही हैं। टंकी में पानी की सप्लाई नहीं पहुंच रही है।
- विपिन, स्थानीय निवासी
परेशानी का सबब बना
लो वोल्टेज का होना लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। लो वोल्टेज की वजह से लोगों के फ्रीज, एसी व अन्य उपकरण खराब हो रहे हैं।
- निधि गुप्ता, स्थानीय निवासी
एक ट्रांसफार्मर से आपूर्ति
कई वर्षों से मात्र एक ट्रांसफार्मर से बिजली की सप्लाई दी जा रही है। बिजली निगम की ओर से एक अन्य ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की गई पर संकट बरकरार है।
- जमरों देवी, स्थानीय निवासी
लठवाल कॉलोनी वासियों को बिजली लो वोल्टेज से परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस पर विभागीय जांच करवाई जाएगी और लो वोल्टेज न हो इस पर संबंधित विभागीय अधिकारी को जरूरी दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे। कॉलोनी वासियों की समस्या का समाधान करवाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
- सुखबीर सिंह एक्सईएन, बिजली वितरण विभाग, अंबाला शहर।