रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते डीआरएम जीएम सिंह
- फोटो : Ambala
अंबाला। उत्तर रेलवे अंबाला मंडल पर संरक्षित, सुरक्षित रेल परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं सहित अन्य कार्यों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार मंडल रेल प्रबंधक जीएम सिंह ने निरीक्षण किया। मंडल के अन्य अधिकारियों के साथ गिल से धुरी रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग पर गहनता से निरीक्षण करते हुए संरक्षा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं कार्यपद्धति को परखा।
इस निरीक्षण कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने इस रेलखंड स्थित किलारायपुर, अहमदगढ़, मलेरकोटला, धुरी स्टेशनों पर पहुंचकर संरक्षा तथा रेल संचालन से जुड़े कार्यालयों एवं स्थलों का अवलोकन किया। उन्होंने संरक्षा संबंधी कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए इस संबंध में आवश्यक अभिलेखों तथा दस्तावेजों का अवलोकन किया। समपार फाटकों, रेल ट्रैकों का निरीक्षण करते हुए संरक्षा तथा यात्री सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों से संवाद स्थापित किया। मंडल रेल प्रबंधक ने संरक्षा को प्रथम प्राथमिकता के आधार पर रेलपथों की सघन निगरानी, नियमित रख-रखाव एवं सुधार कार्य, रेलपथों के निकट अतिक्रमण हटाने के प्रयास, नियमित गश्त, समपार फाटकों का उचित संचालन जैसे अनेक बिंदुओं को उजागर करते हुए संरक्षा संबंधी क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण में मंडल के समस्त शाखाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।