जिले की मंडियों में भी गेहूं की आवक तेज होने लगी है। शहर की अनाजमंडी में दूसरे दिन शनिवार को 45 क्विंटल गेहूं पहुंची। वहीं नारायणगढ़ अनाजमंडी में शनिवार को सरकारी खरीद एजेंसी हैफेड द्वारा 2 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद सरकारी 2015 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की गई। उम्मीद जताई जा रही है बढ़ते दिनों के साथ गेहूं लाने वाले किसानों की संख्या भी बढ़ेगी। सिटी अनाज मंडी में गेहूं लेकर पहुंचे किसानों की गेहूं में नमी की मात्रा अधिक थी, इस कारण गेहूं की खरीद का कार्य नहीं हो सका।
मार्केट कमेटी के सचिव धर्मेन्द्र पाल ने बताया कि नारायणगढ़ अनाजमंडी में शुक्रवार को लगभग 20 क्विंटल गेहूं एक आढ़ती के पास आई थी। जिसका गेट पास काट दिया गया था लेकिन किसी कारणवश सरकारी खरीद एजेंसी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा शुक्रवार को गेहूं की खरीद नहीं की गई। उन्होंने बताया कि शनिवार को सरकारी खरीद हैफेड के डीएम वीपी मलिक की देखरेख में गेहूं की खरीद की गई। सचिव ने बताया कि भरेड़ी अनाजमंडी में गेहूं की आवक शून्य रही।
उधर दूसरी ओर शहजादपुर अनाजमंडी में आज दूसरे दिन भी गेहूं की आवक शून्य रही। शहजादपुर मार्केट कमेटी सचिव मोहित बेरी ने बताया कि मंडी में गेहूं की आवक न होने के चलते सरकारी खरीद नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि शहजादपुर अनाजमंडी के साथ लगते सब यार्ड कड़ासन में भी गेहूं की आवक नहीं हुई।
-----------------------
उपायुक्त के आदेशों के बाद होने लगी है व्यवस्था
किसानों के लिए मंडियों में पूरी व्यवस्था हो, इसको लेकर उपायुक्त विक्रम सिंह की ओर से अधिकारियों को समय-समय पर जरूरी दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। इस दौरान उपायुक्त की ओर से गेट पास काटने के लिए इंटरनेट की व्यवस्था, गेट पास काटते समय किसानों को ज्यादा देर धूप में न खड़ा होने पड़े इसके लिए अतिरिक्त व्यवस्था, पानी की व्यवस्था, शौचालयों की व्यवस्था, किसानों के बैठने व अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के आदेश दिए। साथ ही मार्केट कमेटी सचिवों और डीएफएससी को आढ़तियों को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो, इसको लेकर भी जरूरी दिशा निर्देश जारी किए।
---------------------
मंडियों में गेहूं की खरीद का कार्य शुरू हो गया है, किसानों व आढ़तियों को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो, इसको लेकर व्यवस्था बनाने के सभी को निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को हैफेड की ओर से 2 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है।
- अपार तिवारी, डीएफएससी, अंबाला।
-------------------------