अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल के सामने चौक पर खड़ी कार को हटाने के लिए बोलने वाले डायल 112 के एएसआई पाला राम व सिपाही पलविंद्र सिंह से मारपीट का मामला सामने आया है। नशे में धुत्त दो कार सवार युवकों ने मारपीट के बाद दोनों की वर्दी भी फाड़ दी। आरोपियों की पहचान बब्याल निवासी विशाल गुप्ता व स्टाफ रोड निवासी मनोज रस्तोगी के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही काबू किया और सरकारी काम में बांधा, मारपीट, वर्दी फाड़ने व जान से मारने की धमकी देने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कार को हटाने के लिए बोलने पर तैश में आए थे युवक
पुलिस को दी शिकायत में डायल- 112 गाड़ी इंचार्ज पाला राम ने बताया कि उसके साथ सिपाही पलविंद्र सिह बतौर सहायक व ईएचसी अनिल कुमार बतौर चालक तैनात है। 5 जून को शाम करीब 7 बजे वह नागरिक अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात थे। चौक पर काफी ट्रैफिक था। सिपाही पलविंद्र सिह ट्रैफिक को आगे चलने का इशारा कर रहा था। इतने में महेशनगर की तरफ से एक मारुति वैन चालक ने अपनी गाड़ी को अस्पताल चौक पर ही रोका हुआ था। उसे आगे बढ़ने का इशारा किया तो वह नहीं माना।
गाड़ी के ड्राइवर ने एएसआई के गले से वर्दी पकड़कर फाड़ दी
दोबारा इशारा करने पर चालक व उसका साथी अपनी गाड़ी से नीचे उतर गये व मेरे साथ व सिपाही पलविन्द्र सिह के साथ बहसबाजी करने लगे। कहने लगे कि तुम पुलिस वाले चोर हो जनता को परेशान कर रहे हो। गाड़ी के ड्राइवर ने एएसआई के गले से वर्दी पकड़कर फाड़ दी और मारपीट की। इतने में दूसरे लड़के ने सिपाही पलविंद्र सिंह की वर्दी भी फाड़ दी। मारपीट की व जान से मारने की धमकी दी। तभी चालक ईएचसी अनिल कुमार भी उतरकर नीचे आ गया और दोनों लड़कों को काबू कर लिया। हमलावरों ने कोई नशा कर रखा था।