अंबाला सिटी। छुट्टी मनाने गोकर्ण तट पर गए दो सगे भाइयों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। दोनों भाई बंगलूरू की आईटी कंपनी में कार्यरत थे। दोनों अपने अन्य तीन दोस्तों के साथ कर्नाटक के गोकर्ण बीच पर घूमने गए थे।
सिटी के रेलवे रोड स्थित अंबर इलेक्ट्रिक वर्कर्स के मालिक एवं स्वदेशी जागरण मंच के सह संयोजक राकेश मोहन खंडुजा के दो बेटे अभिनव (27) और गोकुल (25) बंगलूरू की आईटी कंपनी में काम करते थे। शनिवार और रविवार के दो दिन के अवकाश के चलते वह दोनों अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ कर्नाटक के गोकर्ण बीच पर घूमने गए थे। तीनों में से एक उनकी बुआ का ही बेटा था। एक अंबाला का ही रहने वाला उनका दोस्त था जबकि एक अन्य युवक स्थानीय निवासी था। बीच पर छुट्टी मनाते हुए छोटा भाई गोकुल समुद्र में कुछ गहराई में जा पहुंचा। उसे डूबता देख अभिनव उसे बचाने का प्रयास करने लगा। अचानक उठी ऊंची लहरों ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक बाकी दोस्त कुछ देखते और समझ पाते तब तक दोनों डूब चुके थे। मृतकों के पिता राकेश मोहन को सूचना मिलते ही वह अपने भाई राजेश मोहन के साथ तुरंत कर्नाटक के लिए निकले और वहां पहुंच कर जरूरी औपचारिकताएं पूरी करके शव लेकर वह फ्लाइट से गोवा पहुंचे। लेकिन वहां एक एयरलाइंस की ओर से दिल्ली ले जाने की क्लीयरेंस न मिलने के चलते वह शव लेकर नहीं चल सके। सोमवार दोपहर की फ्लाइट की टिकट मिलने के बाद वह दिल्ली और वहां से सड़क मार्ग से देर रात अंबाला पहुंचेंगे। वहां मंगलवार सुबह दोनों का संस्कार कर दिया जाएगा। दोनों सगे बेटों की मौत के बाद उनकी माता अर्चना का रो-रो कर बुरा हाल है।