गुरुवार को हरियाणा के अंबाला में अंबाला-जगाधरी नेशनल हाईवे पर फायरिंग कर मोहित राणा की हत्या करने के लिए इस्तेमाल की गई कार की नंबर प्लेट फर्जी थी। प्राथमिक जांच में पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से गाड़ी के नंबर का पता लगाया और जांच करवाई तो यह बात सामने आई। वहीं पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने के लिए मुख्य रूप से सीसीटीवी फुटेज का सहारा ले रही है। वारदात में उपयोग की गई कार किस-किस रूट से आई थी और अंजाम देकर कहां-कहां से गुजरी, उन सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी की मदद ली जा रही है।
पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा ने हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बाकायदा पांच टीमों का गठन किया है। इधर, वीरवार की फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हुए मोहित राणा के साथी विशाल भोला का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार अभी उसकी हालत स्थिर है। स्थिति ठीक होने पर पुलिस की ओर से आगामी पूछताछ की जाएगी।
हत्या के कारणों और गुत्थी को लेकर पुलिस पूरी तरह स्पष्ट है। गत दिवस ही घटना के ढाई घंटे बाद गोल्डी बराड़ ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए साफ कर दिया था कि यह हत्या उसके व उसके वीर काला राणा गैंग की ओर से करवाई गई है। इसके बाद से पुलिस केवल काला राणा गैंग से मामले को जोड़कर ही जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि वह जल्द आरोपियों तक पहुंच जाएगी।
जिस गाड़ी में आरोपी आए थे, उसकी नंबर प्लेट की जांच की तो पता चला कि नंबर प्लेट नकली थी। यह मामला काला राणा गैंग से जुड़ा है तो हम मुख्य रुप से उसी ओर जांच कर रहे हैं। वहीं हमारी सभी टीमें जांच में जुटी हुई हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। -जश्नदीप सिंह रंधावा, एसपी, अंबाला।
गुरुवार को अंबाला-जगाधरी नेशनल हाईवे पर हुए गोलीकांड में मारे गए मोहित राणा के शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया गया। डॉक्टरों के अनुसार मोहित के शरीर पर करीब 40 सुराख मिले। अंधाधुंध फायरिंग में मोहित को 20 के करीब गोलियां लगी। कुछ गोलियां शरीर के हिस्सों में फंसी हुई थी, जिन्हें डॉक्टरों की टीम ने निकाला है। डॉक्टर मेडिकल रिपोर्ट बनाकर पुलिस को सौंपेंगे।
दूसरी ओर, गोलीकांड में गंभीर रूप से घायल विशाल भोला निवासी छावनी का चंडीगढ़ पीजीआई में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार उसकी हालत स्थिर है। उसे छह गोलियां लगी हैं। चंडीगढ़ पीजीआई के डॉक्टरों की टीम ने काफी मशक्कत के बाद इन गोलियों को शरीर से निकाला है। विशाल की हालत अभी भी चिंताजनक है। वहीं पुलिस ने मृतक मोहित राणा के भाई सुभाष राणा (मोनू) की शिकायत पर चार से पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
छावनी के नागरिक अस्पताल में परिजनों, रिश्तेदारों सहित अन्य लोग भारी संख्या में पहुंचे थे। वहां उन्होंने हंगामा कर रोष जताया। अस्पताल से मोहित का शव लेकर परिजन गांव खेलन पहुंचे। यहां भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती में मोहित राणा का अंतिम संस्कार किया गया।