कई दिन से ठप पड़े सड़क निर्माण कार्य के कारण उड़ रही धूल ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। आए दिन फैल रहे प्रदूषण से तंग आकर लोगों ने बुधवार शाम को शहर के साईं मंदिर के नजदीक रामपुर रोड को जाम कर विरोध जताया। शाम के समय लगे इस जाम से लगभग एक दर्जन गांव सहित हिमाचल जाने वाला यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो गया। लगभग एक घंटे बाद पुलिस के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोला।
बता दें कि शहर से रामपुर होते हुए हिमाचल की तरफ जाने वाला संपर्क मार्ग की कारपेटिंग का कार्य पिछले कई दिनों से चल रहा है। सड़क निर्माण में लगी कंपनी ने सड़क को उखाड़ने के बाद उस पर कच्चा माल डाल दिया व फिर इस निर्माण कार्य को अचानक से रोक दिया। कई दिनों से ठप पड़े इस निर्माण के चलते रामपुर रोड पर स्थित बैंक कॉलोनी, राजेश कॉलोनी, दुर्गा कॉलोनी, ब्रह्मपुरी कॉलोनी, मिलाप एस्टेट तथा साईं मंदिर व हुडा में रहने वाले लोगों को प्रदूषण की चपेट में ले लिया। आए रोज सैकड़ों की तादाद में इस रोड पर चलने वाले बड़े वाहनों के चलते उड़ रही धूल ने लोगों का जीना मुहाल कर डाला, जिससे गुस्साए लोगों ने बुधवार शाम को कड़ा कदम उठाते हुए इस सड़क को जाम कर दिया।
क्षेत्रवासी रवि, गुरमीत सिंह, मनजीत, अशोक शर्मा, शुभम, पियूष बशी, सुभाष चंद, रिषी, पति मदन चानना इत्यादि का कहना है कि ठप पड़े निर्माण कार्य के चलते न केवल यह पूरा क्षेत्र धूल की जकड़ में है अपितु प्रतिदिन इस अधूरे पड़े कार्य के चलते दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। इतना ही नहीं वाहनों की आवाजाही के कारण धूल उड़ रही है, जिसके कारण परेशानी बढ़ रही है। जाम की खबर लगने के बाद मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी कमलदीप ने लोगों को वीरवार तक इस समस्या का समाधान करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।