झगड़े के मामले में दो हजार रुपये रिश्वत लेता हैड कांस्टेबल गिरफ्तार
विजीलेंस टीम ने पुलिस चौकी नंबर दो में दिया कार्रवाई को अंजाम
आरोपी को आज अदालत किया जाएगा पेश
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। विजीलेंस ने शहर में पुलिस चौकी नंबर दो में तैनात हैड कांस्टेबल को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उसे वीरवार कोर्ट में पेश किया जाएगा।
शहर रविदास बस्ती निवासी राहुल के किसी झगड़े के मामले में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो रही थी, जिसको लेकर राहुल उक्त हैड कांस्टेबल से मिला तो उसने तीन हजार रुपये की मांग की जो उसने पूरी कर दी, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर वह दोबारा कांस्टेबल से मिला तो उसने दो हजार रुपये और मांग लिए। इसकी सूचना राहुल ने विजीलेंस को दी। बुधवार को विजीलेंस ने ट्रैप बिछाया और राहुल को दो हजार रुपये देकर आरोपी के पास भेजा। हैड कांस्टेबल ने जैसे ही दो हजार रुपये लिए विजीलेंस ने उसे पकड़ लिया। हाथ धुलवाते ही हैड कांस्टेबल के हाथ लाल हो गए। विजीलेंस की इस कार्रवाई से चौकी में हड़कंप मच गया। टीम आरोपी हेड कांस्टेबल को अपने साथ ले गई।