मुलाना (अंबाला)। जगाधरी-अंबाला मार्ग स्थित अनाज मंडी के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 55 वर्षीय मां की मौके पर मौत हो गई जबकि 20 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मुलाना पुलिस ने घायल को एमएम अस्पताल पहुंचाया। हादसे को अंजाम देकर ट्रक चालक ट्रक मौके पर छोड़ कर मौके से फरार हो गया। मुलाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी।
जानकारी के अनुसार सोहाना की रहने वाली दयालो देवी अपने बेटे सोनू के साथ बाइकपर सवार होकर दोसड़का की तरफ जा रही थी। जैसे ही वो नई अनाज मंडी मुलाना के पास पंहुचे तो पीछे से एक ट्रक ने उनको टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक चालक सोनू सड़क किनारे गिर गया जबकि उसकी मां दयालो देवी सड़क पर गिर गई। दयालो देवी के सिर पर गहरी चोट लगी थी, जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सोनू को गंभीर चोटें आई हैं। उसे एमएम अस्पताल में दाखिल कराया गया। मुलाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।