ज्यादा ब्याज के लालच में गंवाए 35 लाख, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। ज्यादा ब्याज का झांसा देकर 35 लाख रुपये ठगने के मामले में नारायणगढ़ पुलिस ने एक ही परिवार के महिला सहित तीन लोगों (पिता-पुत्र-पुत्रवधू) के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
एसपी अंबाला को भेजी शिकायत में गांव लोटों निवासी जगदीश का कहना है कि उसने अपनी बेटी की शादी के लिए बैंक में 35 लाख रुपये जमा किए थे। गांव ज्यौली वासी संदीप का उसके घर में आना-जाना था। इसका फायदा उठाकर संदीप ने उसे कहा कि बैंक से तुम्हें बहुत ही कम ब्याज मिलता है, यदि यह रकम तुम मुझे दोगे तो मैं तुम्हें उचित ब्याज दूंगा। बकौल जगदीश वह संदीप के बहकावे में आ गया और उसने ज्यादा ब्याज के लालच में 35 लाख रुपये 20 महीने के लिए संदीप वासी ज्यौली को दे दिए। जगदीश के अनुसार पैसे लेने के बाद तीन-चार माह तक तो उसे संदीप द्वारा उक्त रकम का ब्याज दिया गया परंतु बाद में उसने ब्याज देना बंद कर दिया। बार-बार पैसे मांगने पर संदीप ने उसकी पत्नी के नाम एक चेक दिया जोकि बाउंस हो गया। इस पर उसने गत 2 जुलाई को संदीप के खिलाफ नारायणगढ़ थाना में लिखित शिकायत दी थी परंतु पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की। इसके उपरांत संदीप, उसकी पत्नी पायल व उसका पिता जयकृष्ण उसके घर आए और उन्होंने उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की, जिसके बाद उसने संदीप, उसकी पत्नी व उसके पिता के खिलाफ एसपी को शिकायत दी। इस पर एसपी ने थाना नारायणगढ़ में संदीप, उसकी पत्नी व उसके पिता के खिलाफ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। नारायणगढ़ पुलिस ने उक्त तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी।