स्कूली छात्र को चाकू से गोदा, रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। स्कूली छात्र को हमलावरों ने चाकू से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को नारायणगढ़ के सामान्य अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
मुगलमाजरा निवासी जोनी जोकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (लड़के) नारायणगढ़ में 11वीं कक्षा का छात्र है, बुधवार को छुट्टी के उपरांत जब घर जाने के लिए स्कूल से निकला तो स्कूल के बाहर ही उसे कुछ युवकों ने घेर लिया तथा उस पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर उपस्थित कुछ छात्रों ने शोर मचाया तो हमलावर भाग निकले। जोनी को सामान्य अस्पताल नारायणगढ़ से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल में रेफर कर दिया।