महिला महंत की गर्दन पर चाकू रखकर मंदिर से लूटे आभूषण और नकदी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। गांव बोह में पक्का तालाब के पास प्राचीन शिव मंदिर में नकाबपोश बदमाशों ने बुधवार मध्य रात्रि वारदात को अंजाम दिया। पहले मंदिर के सेवादार को बदमाशों ने पीटा। इसके बाद उसे बंधक बना लिया। सेवादार को बंधक बनाने केबाद 65 वर्षीय महिला महंत को बंधक बनाया और उसके कमरे से हजारों की नकदी लूट ली। मंदिर में मूर्तियों से आभूषण उतार कर फरार हो गए। महंत ने जैसे-तैसे रस्सियां खोलीं और ग्रामीणों को लूट की जानकारी दी। लोगों ने इसकी सूचना महेश नगर पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि वीरवार सुबह सीन ऑफ क्राइम व अन्य टीमों ने जांच की। पुलिस ने महंत की शिकायत पर केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
रात्रि दो बजे हुए थे दाखिल
बताया गया कि छह बदमाश रात दो बजे मंदिर में दाखिल हुए। मंदिर के साथ ही महंत राधा गिरी का कमरा है, जबकि कुछ दूरी पर सेवादार भोला गिरी रहता है। बदमाशों ने पहले भोला गिरी के कमरे में दाखिल हुए और उसके साथ मारपीट की। वह सुनने और बोलने में अक्षम है। इसके उपरांत उसे रस्सियों से बांध कर उसके पास से नकदी लूट ली। इसके बाद बदमाश महंत के कमरे में दाखिल हुए और महंत के गले पर चाकू रख दिया। इस दौरान एक बदमाश ने महंत से पूछा की उसके पास मौजूद नकदी कहां है, मगर महंत ने जब कुछ नहीं बताया तो उसे भी रस्सियों से बांध दिया गया। कमरे में सामान खंगाला गया जिसके बाद बदमाशों ने महंत की अलमारी में पड़े पांच हजार रुपये ले लिए। इसके बाद बदमाश महंत को कमरे में बंद करके मंदिर के मुख्य भवन में चले गए, जहां पर मूर्तियों पर चढ़े आभूषण लूट लिए। इनमें से कुछ आभूषण सोने के थे। करीब एक घंटे तक बदमाश मंदिर में रहे। लुटेरों के जाने के बाद महंत ने किसी तरह खुद को रस्सी से मुक्त किया और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश की, मगर उनका सुराग नहीं लगा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची महेश नगर पुलिस ने जांच की और महंत के बयान कलमबद्ध किए।
पहले भी हुई चोरी मंदिर में
बताते हैं कि इसी मंदिर में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस जांच टीम का अनुमान है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश आसपास क्षेत्र से हो सकते हैं। फिलहाल मामले में अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। उधर, महिला महंत बीते करीब आठ वर्षों से मंदिर में हैं। इस वारदात के बाद उन्हें भी भय है कि भविष्य में कहीं फिर यहां कोई वारदात न हो जाए। दूसरी ओर मंदिर की सुरक्षा को लेकर श्रद्धालुओं की बैठक भी हुई जिसमें तय किया गया कि मंदिर में रात्रि के समय सुरक्षा को लेकर जल्द कोई योजना बनाई जाएगी।
कोट्स
पुलिस मामले में जांच कर रही है। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं, जल्द आरोपियों को काबू किया जाएगा।
अजैब सिंह, एसएचओ, महेश नगर थाना।