(अंबाला)शहजादपुर। शुगर मिल परिसर में किसानों का धरना रंग लाया। मांगों को लेकर केन कमिश्नर का घेराव करने की घोषणा करने के बाद प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए। साढे़ चार घंटे चले धरना-प्रदर्शन के बाद अधिकारियों का अमला किसानों को संतुष्ट करने शुगर मिल बनौंदी पहुंचा और किसानों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही शुगर मिल के 25 नवंबर तक चलाने की मांग को भी स्वीकार कर लिया गया है।
यहां अधिकारियों के साथ भारतीय किसान यूनियन की बैठक शहजादपुर शुगर मिल बनौंदी के परिसर में साढ़े चार घंटे तक चली। जिसमें किसान और अधिकारियों के बीच लंबी वार्ता हुई। इस दौरान संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में मुख्य रूप से भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी, जिला प्रधान मलकीत सिंह, भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला प्रधान विक्रम राणा, भारतीय किसान यूनियन के यमुनानगर से संजू सरावा, गन्ना संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष विनोद राणा खुड्डा बॉबी राणा बधौली, जय सिंह जलबेहडा आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।
किसानों का कहना था कि उनका उद्देश्य अब केवल गन्ने की पेमेंट का नहीं, बल्कि शुगर मिल को चलाने का भी है, जिसको लेकर आज मंगलवार को केन कमिश्नर पंचकूला का घेराव करने के लिए शुगर मिल में किसान एकत्र हुए व किसानों ने सीधे तौर पर अल्टीमेटम दिया कि अगर सरकार का कोई नुमाइंदा या प्रशासन का कोई अधिकारी उनसे बात करना चाहता है तो वह यहां पर आकर के उनकी बात सुने, जिसके बाद अगली कार्रवाई शुरू की जाएगी। किसानों का कहना था कि हमें यह बताया जाए कि उनकी 70 करोड़ रुपये की पेमेंट कब दी जाएगी। इसके अलावा 35 करोड़ के 2016 के क्राप लोन जो शुगर मिल ने किसानों के नाम से ले रखे हैं, उनको कब भरा जाएगा।
किसानों के तेवर भांपकर प्रशासन की तरफ से एडिशनल केन कमिश्नर जगदीप बराड़, असिस्टेंट केन कमिश्नर रविंद्र हुड्डा, डिप्टी केन कमिश्नर पवन शर्मा सहित एसडीएम नारायणगढ़ शुगर मिल मालिक राहुल आनंद सहित करीब साढ़े चार घंटे किसानों की बातचीत चली, जिसमें शुगर मिल को लेकर 25 नवंबर तक शुगर मिल चलाने का फैसला लिया गया। वहीं पेमेंट को लेकर गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि केन कमिश्नर सरकार से उनका पेमेंट करवाने के लिए 4 अक्तूबर तक बातचीत करें, क्योंकि शुगर मिल मालिक के पास तो मिल चलाने के लिए भी पैसे नहीं है।
उन्होंने कहा कि जो भी हो शुगर मिल मालिक ने शुगर मिल को चलाने की हां भरी है अगर शुगर मिल 25 नवंबर को नहीं चलता तो किसान शुगर मिल मालिक के घर का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर केन कमिश्नर ने 4 अक्टूबर तक सरकार से बातचीत नहीं करवाई तो 5 अक्तूबर को केन कमिश्नर का घेराव किया जाएगा। इस पर सभी ने सहमति जताई। वहीं पुलिस प्रशासन ने किसानों के आक्रामक तेवर देखते हुए पुख्ता प्रबंध किए थे। यहां 2 कंपनी केंद्रीय पुलिस बल व आरएएफ महिला व पुरुष व 160 पुलिस व होमगार्ड जवानों सहित अंबाला के कई थानों के थाना प्रभारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
क्या क्या हुआ
सुबह 9 बजे से किसान शुगर मिल में पहुंचे व कर्मचारियों के धरने को समर्थन दिया वहीं प्रशासन के साथ हुई संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में सबसे पहले कर्मचारियों की 22 सदस्य कमेटी को बुलाकर शुगर मिल मालिक को इनका हल करने को कहा गया जिसमें शुगर मिल मालिक राहुल आनंद ने कर्मचारियों की मांगों को मानते हुए 2004 के बाद के सभी कर्मचारियों को पक्का करने व वेतन बढ़ोतरी सहित बुधवार को वेतन देने की भी बात कही।
जिसमें वर्कर 10 से 15 हजार वेतन वाले कि 25 प्रतिशत, 15 से 20 हजार वाले कि 15 प्रतिशत, 20 से 30 हजार वाले कि 12 प्रतिशत व 30 से 40 हजार वाले कि 10 प्रतिशत वेतन बढ़ोतरी की गई। वहीं ऑफिसर रैंक के कर्मचारियों जिनका वेतन 10 से 15 हजार है उनकी 16 प्रतिशत, 15 से 20 हजार वाले कि 15 प्रतिशत, 20 से 30 हजार वालों की 12 प्रतिशत व 30 से 40 हजार वाले की 10 प्रतिशत वेतन बढ़ोत्तरी की बात कही।
16वें दिन उठा कर्मचारियों का धरना
शुगर मिल परिसर में 15 दिन से धरने पर बैठे कर्मचारियों का धरना 16 वें दिन सायं को उठ गया। जिसमें शुगर मिल मालिक राहुल आनंद ने सभी कर्मचारियों की मांगों को मानते हुए उन्हें पक्का किया गया। इस दौरान भाकियू की अहम भूमिका रही।
शुगर मिल के यूनिट हेड वीके सिंह ने धरने पर बैठे कर्मचारियों का मुंह मीठा करवाया वहीं शुगर मिल को चलाने के लिए कहा कि हर हालत में 25 नवंबर को शुगर मिल चलाना है जिसके लिए चाहे उन्हें 3 शिफ्ट में काम करना पड़े। वहीं कर्मचारियों ने भी शुगर मिल प्रबंधन द्वारा किसानों से किये वायदे को बखूबी निभाने का आश्वासन दिया।
Consensus made after four hours of hard work, decision to run sugar mill till November 25- फोटो : Ambala