अंबाला सिटी। गणतंत्र दिवस की तैयारियां तेज हो गईं हैं। इस बार अंबाला में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ध्वजारोहण करेंगे। प्रशासन गणतंत्र दिवस को भव्य मनाने में जुट गया है। सोमवार को भी इसी को लेकर उपायुक्त विक्रम सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि 26 जनवरी को जिला स्तरीय कार्यक्रम पुलिस लाइन मैदान में आयोजित किया जाएगा। नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि मैदान में जलभराव न हो और समारोह स्थल के बाहर सड़क पर पानी एकत्रित न हो। इसके लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से कोविड-19 की हिदायतों का पालन करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी करवाने के लिए कहा। साथ ही कहा कि जो भी छात्र कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे, उन्हें टीके की दोनों डोज लगवानी जरूरी है। उन्होंने सभी विभागों के विभागाध्यक्षों को झांकियों की जिम्मेदारी सौंपी और अपने विभाग से संबंधित बेहतर झांकियां तैयार करवाने के लिए कहा।
उपायुक्त ने कहा कि जिन विभागों को अपने विभाग से संबंधित कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देने के लिए संतुति की जानी है, वह इस कार्य को 20 जनवरी को उपायुक्त कार्यालय में भिजवा दें। 20 जनवरी को पहला और 21 जनवरी को दूसरा पूर्वाभ्यास किया जाएगा। अंतिम पूर्वाभ्यास 24 जनवरी को होगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने विभागों से संबंधित जो कार्य किए जाने हैं, उन्हें समय रहते पूरा कर लें। उन्होंने कहा कि यदि बारिश होती है तो अनाज मंडी अंबाला शहर में कार्यक्रम के मद्देनजर तैयारी रखें। बैठक में पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह रंधावा, अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता, एसडीएम हितेष कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पूजा डाबला, एसडीएम बराड़ा सत्यवान सिंह मान, डीआईपीआरओ धर्मेंद्र कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।