आईआरसीटीसी वेबसाइट का दुरुपयोग कर ई-टिकट बनाने वाले व्यक्ति को छावनी रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ सीआईबी टीम ने यमुनानगर से दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से लगभग 43 हजार रुपये की 40 ई-टिकट बरामद हुई हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान कृष्ण नगर निवासी 41 वर्षीय ब्रह्मदत्त मिश्रा के तौर पर हुई है। इससे एक दिन पहले टीम ने अंबाला के शहजादपुर स्थित धनाना गांव से एक आरोपी के पास से करीब 41 हजार रुपये की 54 टिकटें बरामद की थी।
सीआईबी टीम इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि यमुनानगर में एक व्यक्ति आईआरसीटीसी की वेबसाइट से ई-टिकट बनाकर कालाबाजारी कर रहा है। आरोपी को पकड़ने के लिए टीम सहित यमुनानगर में राधे अटल सेवा केंद्र पर छापा मारा गया। छापे के दौरान आरोपी के कब्जे से 42 हजार 581 रुपये की 40 ई-टिकट बरामद हुई। इसमें 6 हजार 52 रुपये की ई-टिकटों पर यात्रियों ने सफर करना था और 36 हजार 528 रुपये की 34 ई-टिकटों पर यात्री सफर कर चुके थे।
आरोपी के पास आईआरसीटीसी की एजेंट आईडी भी थी लेकिन पैसों के लालच में अपनी आईडी के अलावा एक अन्य आईडी के सहारे नियमों की अनदेखी करते हुए आरोपी ई-टिकटों की कालाबाजारी कर रहा था। आरोपी का लैपटॉप जब्त कर लिया गया है ताकि टिकटों से जुड़ी सभी प्रकार की जानकारी हासिल की जा सके।