अंबाला सिटी। मिशन एडमिशन के तहत राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में दाखिला प्रक्रिया जारी है। 13 अक्तूबर तक जिले भर की दोनों पॉलिटेक्निक की खाली सीट पर दाखिले के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। इस समय जिले भर की दोनों पॉलिटेक्निक में डिप्लोमा इंजीनियरिंग में 40 से अधिक सीट खाली हैं। जिन सीटों पर दाखिले के लिए 18 अक्तूबर को पॉलिटेक्निक में ओपन काउंसलिंग होगी। इस दौरान खास बात यह है कि इस समय सभी आरक्षित सीटों को ऑल इंडिया श्रेणी के लिए खोल दिया गया है। इसका उन छात्रों को लाभ मिलेगा जो सामान्य श्रेणी में या बाहर के राज्यों से पॉलिटेक्निक में दाखिला लेना चाहते हैं।
यह रहेगी प्रक्रिया
दाखिला प्रक्रिया इंचार्ज धर्मवीर ने बताया कि संस्था स्तर की इस ओपन काउंसलिंग में सभी सीटें भरी जा रही हैं। इनको भरने के लिए सभी हरियाणा राज्य व बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों की कॉमन मेरिट बनेगी और उसी मेरिट के आधार पर खाली हुई व बची हुई सीटों को भरा जायेगा। इसके लिए 13 अक्तूबर को सायं 5 बजे तक संस्था में आवेदन फार्म लिए जाएंगे। तीन साल के डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स के लिए ओपन काउंसलिंग 18 अक्तूबर को होगी तो वहीं, डिप्लोमा इंजीनियरिंग लेटरल एंट्री कोर्स लिए ओपन काउंसलिंग 19 अक्तूबर को की जाएगी। काउंसलिंग प्रक्रिया के बाद जो छात्र फीस जमा करवाएंगे उनकी सीट पक्की मानी जाएगी।
पॉलिटेक्निक में ओपन काउंसलिंग प्रक्रिया जारी है अभी आवेदन मांगे गए है फिर काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यह छात्रों के पास सुनहरा अवसर है।
- राजीव सपरा, प्राचार्य, राजकीय पॉलिटेक्निक अंबाला सिटी।
आईटीआई में 7 अक्तूबर तक लिए जा रहे आवेदन
अंबाला। आईटीआई में भी दाखिला प्रक्रिया के तहत 7 अक्तूबर तक आवेदन लिए जा रहे हैं। अभी तक जिले भर सभी आईटीआई में 20 हजार से अधिक आवेदन आ चुके हैं। राजकीय आईटीआई अंबाला सिटी की बात करें तो केवल इसी आईटीआई में 1620 सीट पर दाखिले के लिए 11 हजार 350 आवेदन आ चुके हैं। आईटीआई के प्राचार्य भूपिंद्र सिंह सांगवान ने बताया कि आईटीआई में दाखिले के लिए छात्र रुचि दिखा रहे हैं। उम्मीद है कि 7 अक्तूबर तक 15 हजार आवेदन केवल इसी आईटीआई के लिए आ जाएंगे।