अंबाला सिटी। अंबाला में कोरोना के नए मरीजों के मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को भी जिले में 3 नए मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन संक्रमितों में से एक पुराने कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क से हैं। जबकि दो अन्य नए हैं। इनकी कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अच्छा खान-पान ही इस कोरोना की नई लहर से बचा सकता है। सोमवार को तीन नए मरीज मिलने के बाद जिला में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 30 हजार 183 हो गई है। इसमें से 29 हजार 646 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। इस समय जिले में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 28 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक कुल 7 लाख 32 हजार 553 सैंपल लिए गए हैं। इसमें सोमवार को लिए गए 2 हजार 316 सैंपल भी शामिल हैं। जिनकी रिपोर्ट का स्वास्थ्य विभाग को इंतजार है।
नहीं भेजा गया कोई ओमिक्रॉन जांच के लिए सैंपल
अंबाला में अभी ओमिक्रॉन से पूरी तरह से राहत है। अंबाला स्वास्थ्य विभाग की ओर से ओमिक्रॉन की जांच के लिए कोई सैंपल भी नहीं भेजा गया है। जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा ओमिक्रॉन की जांच के लिए जो सैंपल भेजा जाता है उसकी रिपोर्ट करीब एक सप्ताह बाद आती है। इसीलिए आने वाले एक सप्ताह तक तो अंबाला में ओमिक्रॉन से पूरी तरह से राहत रहेगी। वहीं ओमिक्रॉन अंबाला में न फैले, इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।
यह है टीकाकरण की स्थिति
स्वास्थ्य विभाग की ओर टीकाकरण तेजी के साथ किया जा रहा है। सोमवार तक जिला में कोरोना से बचाव के टीके की 17 लाख 73 हजार 236 डोज लगाई जा चुकी है। इसमें 9 लाख 13 हजार 301 पहली डोज और 8 लाख 59 हजार 935 दूसरी डोज शामिल है। सोमवार को भी जिला में कुल 6 हजार 91 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया है।
-------------------------