अंबाला। छबियाना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने दूसरी बार प्रदेश भर में पहला स्थान प्राप्त किया है। इससे पहले वर्ष 2020 में यूपीएचसी छबियाना पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर आई थी।
2021 में दोबारा पहले स्थान आने पर यूपीएचसी छबियाना को दोबारा दो लाख का इनाम दिया गया। यह कार्य डॉ. योगिता शर्मा के नेतृत्व में किया गया है। यूपीएचसी छबियाना की टीम ने डॉ. योगिता के नेतृत्व में कोरोना काल में जोखिम उठाते हुए पूरे अंबाला कैंट के विभिन्न स्थानों पर टीकाकरण अभियान चलाया। उनकी टीम में मनदीप कौर, नेहा, सोनम, सुनीता, ममतेश, रेणुका, सीमा, रूबी, डिंपी, रीना, जसबीर और कुलबीर शामिल रहे। डॉ. योगिता ने बताया कि टीकाकरण अभियान को कामयाब बनाने के लिए उन्होंने डोर-टू-डोर कार्य भी किया गया। डॉ. योगिता बताती हैं कि सितंबर 2021 में कायाकल्प के साथ पंचकूला की टीम ने निरीक्षण किया था। इसका परिणाम 09 दिसंबर, 2021 को जारी किया गया था। उस वक्त टीम ने यूपीएचसी छबियाना को 95.8 प्रतिशत नंबर दिए थे। यह अंबाला की पहली यूपीएससी है जिसने एनक्यूएस और कायाकल्प दोनों असेसमेंट में इतने अंक हासिल किए थे। यूपीएससी को प्रथम आने पर गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने भी टीम को बधाई दी थी।
ऐसे बदली सूरत
छबियाना अर्बन पीएचसी की शुरुआत 2014 में हुई थी। लेकिन वर्ष 2015 तक यह पीएचसी गुमनाम रही। एक साल तक यह सिलसिला जारी रहा। वर्ष 2015 में डॉक्टर योगिता शर्मा ने इसकी कमान संभाली और उसके बाद से इसकी सूरत बदली। उन्होंने मरीजों को न केवल दवाइयां देने का काम किया बल्कि काउंसिलिंग भी शुरू की। इसका नतीजा यह रहा कि यहां ओपीडी बढ़ने लगी। उस वक्त रोजाना 80 लोगों की ओपीडी थी जो आज 200 तक पहुंच चुकी है।
-----------------