अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के परिसर में बना धार्मिक स्थल। संवाद
अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन की जमीन पर हुए अवैध निर्माण पर रेल प्रशासन सख्त हो गया है। स्टेशन अधीक्षक कार्यालय की ओर से यूटीएस काउंटर और आरएमएस कार्यालय के पीछे स्थित धार्मिक स्थल को हटाने के संबंध में नोटिस जारी किया है। नोटिस में जानकारी दी गई है कि सार्वजनिक जमीन पर बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के यह निर्माण किया गया है।
नियमों के उल्लंघन का आरोप : रेलवे द्वारा जारी पत्र संख्या 1-टी/एसएस/यूएमबी/2025 के अनुसार, सहायक मंडल अभियंता और एसएसई की रिपोर्ट में इस निर्माण को पूरी तरह अवैध पाया गया है। विभाग का कहना है कि यह निर्माण पब्लिक प्रेमिसेस एक्ट और रेलवे नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि रेलवे प्रशासन से इसके लिए कोई पूर्व मंजूरी नहीं ली गई थी।
100 वर्ष पुराना मंदिर : मंदिर के पुजारी दलीप सेन ने बताया कि यह स्थान लगभग 100 वर्ष पुराना है, यहां एक श्रद्धा स्वरूप पुराना पीपल का पेड़, एक मंदिर और दरगाह स्थित है जोकि लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। पूर्व में इस जगह को तोड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन जेसीबी जाम हो गई थी। एक बार फिर इसे हटाने का नोटिस जारी किया है जो गलत है।
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के परिसर में बना धार्मिक स्थल। संवाद