(अंबाला) शहजादपुर। कैंसर की दवा दिलाने के नाम पर फैक्टरी संचालक से 90 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने तीन बार में पूरी धनराशि लेने के बाद उसे गिफ्टनुमा डिब्बा दिया गया उसमें दो मुंह का जिंदा सांप निकला। पीड़ित ने जब आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो उसे पूरे परिवार को मारने की धमकी दी गई। इस मामले में शहजादपुर थाने में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई आर्थिक अपराध शाखा की जांच के आधार पर की गई है।
गांव छोटी कोहड़ी नारायणगढ़ के सुखदेव सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी कालाअंब में एसी का सामान बनाने की उमा इंडस्ट्री के नाम से फैक्टरी है। दिल्ली का रूपेश उनके साथ काम करता था। एक दिन रूपेश ने उन्हें बताया था कि उसके दोस्त आयुब खान, जरनैल सिंह, सुनील कुमार और विनोद कुमार कैंसर की दवा बनाते हैं। दवा काफी दुर्लभ और महंगी है। सैकड़ों लोगों का कैंसर पूरी तरह से ठीक हो चुका है। पचास लाख का खर्च और तीन करोड़ की कमाई का लालच दिया। उसकी बातों पर विश्वास करते हुए उन्होंने 28 जनवरी 2020 को फर्म के खाते में से 48 लाख रुपये निकालकर अपने रिश्तेदार बिजेंद्र के सामने उसे दे दिए। दो दिन बाद आयुब खान, जरनैल सिंह और सुनील उसके पास आए, तब भी बिजेंद्र उसके पास बैठा था। बोले कि कैंसर की दवा तैयार हो रही है, जल्द मिल जाएगी।
एसडीएम पैलेस के पास बुलाकर थमाया था गिफ्टनुमा डिब्बा
पीड़ित ने बताया कि उनके मांगने पर दोबारा 20 लाख और दे दिए। कुछ दिन बाद दवा लेने के लिए एडीएम पैलेस के पास बुलाया। वहां और बीस लाख लिए और एक गिफ्टनुमा डिब्बा थमा दिया। वहीं डिब्बा खोला तो उसमें दो-मुंह का जिंदा सांप निकला उसे देखकर वह डर गया और आरोपी वहां से भाग गए। फोन मिलाया तो सभी का फोन बंद मिला।
सुखदेव ने पुलिस को बताया कि आरोपी आईजी ऑफिस में लगे देवेंद्र शर्मा का भी नाम ले रहे थे कि यदि कोई दिक्कत आए तो उससे बात कर लेना, उससे उनके अच्छे संबंध हैं। फोन पर रूपेश ने धमकी दी कि पैसे मांगे तो पूरे परिवार को जान से मरवा देंगे। उनके गैंगस्टर से संबंध हैं। आयुब ने भी उनसे एक पचास लाख का चेक लिया था जोकि अभी तक उसके पास है। सुखदेव ने बताया कि आईजी द्वारा 3 अप्रैल 2014 को जारी मीमो से भी पता चला कि सिटी मॉडल टाउन के संजीव कुमार के साथ भी ऐसी ही हेराफेरी हुई थी।
कैंसर की दवा के नाम पर 90 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। तफ्तीश जारी है।
-अनिल गुर्जर, डीएसपी, शहजादपुर