अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल स्थित इमरजेंसी वार्ड में स्ट्रेचर पर लेटे बुखार से पीड़ित मरीज।
- फोटो : Ambala
डेंगू के डंक का कहर थमता नजर नहीं आ रहा है। जिले में सोमवार को 22 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके बाद जिले में डेंगू से बीमार होने वाले मरीजों का आंकड़ा 190 पहुंच गया। लगातार बढ़ रहे मामलों पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने फील्ड में कार्रवाई तेज कर दी है। जिन घरों से लारवा मिल रहा है, वहां लोगों को नोटिस देने के साथ जुर्माना लगाने व केस दर्ज करवाने को लेकर भी विभाग विचार कर रहा है।
डेंगू के साथ-साथ संदिग्ध बुखार से ग्रसित मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। हालात यहां तक पहुंच चुके हैं कि कई घरों में परिवार के सभी सदस्य बीमार चल रहे हैं। सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों की लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई हैं। डेंगू एवं मलेरिया रोकथाम अधिकारी डॉ. संजीव सिंगला ने बताया कि उनकी ओर से अब फील्ड में काम और अधिक तेज कर दिया गया है। जहां लारवा मिल रहा है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।