अंबाला। जगाधरी रोड स्थित डीएवी रीवरसाइड स्कूल के सामने 20 जनवरी 2022 को हुए मोहित राणा व विशाल भोला की गोलियां मारकर हत्या करने के मामले में 13वें आरोपी को पुलिस ने काबू कर लिया। आरोपी की पहचान सोनीपत के गांव बिंदल निवासी आरोपी मोनू उर्फ छोटा के तौर पर हुई। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में संलिप्त 12 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
शिकायतकर्ता पंजाब के हंडेसरा गांव रजापुर निवासी सुभाष राणा उर्फ मोनू ने थाना महेश नगर में शिकायत दर्ज करवाई कि 20 जनवरी 2022 को अज्ञात 4 -5 लड़कों ने उसके भाई मोहित राणा व विशाल भोला पर अंधाधुंध गोलियां चलाई। गोलीकांड में भाई मोहित राणा उम्र 35 वर्ष की मौके पर और विशाल भोला की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जश्नदीप सिहं रंधावा ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए सीआईए-1, सीआईए-2, सीआईए-नारायणगढ़, साइबर सेल व प्रबंधक थाना महेशनगर पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया था। सयुंक्त टीमों द्वारा अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए भरसक प्रयास किए जा रहे है।