अंबाला में हंडेसरा के नजदीक बूढ़ाखेड़ा गांव में रविवार रात 9 बजे एक तेज रफ्तार पिकअप ने पंजोखरा साहिब से माथा टेककर लौट रहे परिवार की टाटा मैजिक को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 8 बच्चों सहित 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अंबाला छावनी और सिटी के नागरिक अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। इनमें से टाटा मैजिक के चालक और तीन बच्चों को गंभीर हालत में चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया। कुछ परिजन घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अंबाला सिटी के एमएम सद्दोपुर अस्पताल ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहाली के हैं सभी घायल
हादसा इतना गंभीर था कि टाटा मैजिक में सवार सभी 11 लोग चोटिल हो गए। घायलों में मोहाली के सयोली गांव निवासी 55 वर्षीय हजारा सिंह, उनकी पत्नी 50 वर्षीय बलविंद्र कौर, 29 वर्षीय कर्मजीत कौर, 15 वर्षीय सुखबीर सिंह, 11 वर्षीय हरप्रीत कौर, 12 वर्षीय गगनदीप कौर, 14 वर्षीय कर्मजोत, 11 वर्षीय कमलजीत सिंह, 12 वर्षीय हरमन, 12 वर्षीय मगनदीप, और 11 वर्षीय हरप्रीत शामिल हैं। हजारा सिंह, कमलजीत सिंह, हरमन, और गगनदीप कौर को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है।