हरियाणा से कप्तानगंज आ रहे नौ युवक बागपत में फंसे
हिसार से सात दिन पूर्व ये लोग पैदल चले थे, घरवालों ने एसडीएम को दिया पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
कप्तानगंज(कुशीनगर)। तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा भिउरा हसनगंज के नौ मजदूर हरियाणा से एक सप्ताह पहले पैदल ही घर के लिए निकले थे। बागपत जिले में ये सभी फंसे हैं। परिजनों ने प्रशासन से सुरक्षित घर वापसी की गुहार लगाई है।
ग्राम सभा भिउरा हसनगंज निवासी छोटेलाल एसडीएम को दिया पत्र में कहा है कि उसके पुत्र अमित सहित गांव के नौ युवक हिसार (हरियाणा) से छह मई को पैदल ही घर के लिए चले हैं। यूपी के बागपत में आकर सभी फंसे हुए हैं। भोजन और ठहरने की दिक्कत के चलते वहां परेशान हैं। युवकों ने किसी तरह से घर बुलवाने की अपील की है। एसडीएम कप्तानगंज अरविंद कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन के माध्यम से बागपत प्रशासन से संपर्क किया जाएगा। सभी की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास किया जाएगा।