सिद्धार्थनगर जिले में शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बैदौली गांव में भैंस नहलाने गए एक युवक की पोखरे में डूबकर मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिवार सदस्य भी पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के बैदौली गांव में लालबाबू (30) पुत्र रामचंद्र उर्फ झब्बर गोस्वामी भैंस पालन किया है। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार शाम को बैदौली और बनरही के बीच स्थित पोखरे में भैंस को नहलाने ले गया था। भैंस को नहलाते हुए उसकी तबीयत खराब हो गई और पानी में डूबकर उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पहुंची शोहरतगढ़ पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दूसरी ओर मृतक के पिता रामचंद्र ने गांव के कुछ लोगों पर पुत्र की हत्या का आरोप लगाया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में शोहरतगढ़ एसएचओ राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पानी में डूबने से युवक की मौत हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक उसे मिर्गी की बीमारी थी। हत्या संबंधी अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।