गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मदनपुरा टोला गठुआखोर में चार माह की गर्भवती एक 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र की वंदना पुत्री रामवचन (20), जिसकी दो वर्ष पूर्व एक अंजाने मोबाइल नंबर पर गंगालाल पुत्र स्व. श्रीराम निवासी परदेशवा चुरेम जिला बस्ती से बात हुई थी। बाद में दोनों ने एक साथ जीने मरने की कसम खाई और 4 अप्रैल 2019 को युवक उसे बहला फुसला कर भगा ले गया।
युवती के घर से अचानक गायब होने पर परिजन हरपुर बुदहट थाने पर पहुंचे लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। बाद में पीड़ित परिजनों ने सीओ खजनी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई थी। 15 दिन बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुट गई।
करीब ढाई माह पूर्व युवक के बारे में जानकारी मिली थी। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने युवती और आरोपी को हिरासत में लेकर 7 जुलाई को आरोपी को दुष्कर्म के आरोप में जेल भेज चुकी है। इस दौरान युवती चार माह की गर्भवती थी। इधर, युवती का तबीयत खराब चल रहा था। तीन दिन पूर्व तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज कराने के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए। गुरुवार को परिजन उसे मेडिकल कॉलेज से घर लाए।
परिजनों का कहना है कि रात में अचानक तबीयत खराब होने से युवती की मौत हो गई। घटना की जानकारी 112 नंबर पर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक उदय शंकर कुशवाहा का कहना है कि युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।