गोरखपुर जिले के गीडा इलाके के कालेसर-जगदीशपुर फोरलेन पर बाघागाड़ा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से जिला पंचायत सदस्य के भाई व एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, गीडा इलाके के एकला गांव निवासी व वार्ड नंबर 27 से जिला पंचायत सदस्य धीरज निषाद के 26 वर्षीय भाई नीरज निषाद रविवार रात बाइक से गांव के ही 45 वर्षीय जनार्दन यादव के साथ अपना ट्रैक्टर देखने निकले थे। रात करीब एक बजे किसी ने नीरज और जनार्दन को कालेसर जगदीशपुर फोरलेन पर बाघागाड़ा के पास घायल अवस्था में देखा।
दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। नीरज की अभी शादी नहीं हुई थी। जबकि जनार्दन ने दो शादी की थी और दो बच्चे भी हैं। दोनों वर्तमान समय में मिट्टी का कारोबार कर रहे थे।
प्रभारी निरीक्षक गीडा राहुल सिंह ने कहा कि अभी दोनों के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। मामले की छानबीन की जा रही है। पता लगाया जा रहा कि वाहन किसका था। कैसे दोनों वाहन की चपेट में आ गए।