गोरखपुर जिले के झंगहा इलाके के मिठाबेल पाड़र जंगल में सोमवार की रात वन वाचरों को बंधक बनाकर पेड़ काटने की कोशिश की गई। वन दरोगा पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। झंगहा पुलिस ने बुधवार को वन दरोगा की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रात में वन वाचर भजनलाल व सुशील जंगल में पेड़ों की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान असलहा लेकर आए बदमाशों ने दोनों को बंधक बना लिया और सागौन का पेड़ काटने की कोशिश की। इसी बीच वन दरोगा अनिल कुमार व बीट प्रभारी रामचंदर पहुंच गए, तो आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र के पड़रही गांव निवासी रमाशंकर निषाद, हरिओम और 8 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।