यदि शहर के चुनींदा 22 चौराहों पर यातायात नियम तोड़ा तो इस माह से ऑटोमैटिक चालान कटने लगेगा। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगाए गए इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) का ट्रॉयल पूरा हो चुका है। इसी महीने 22 प्रमुख चौराहों पर यातायात नियंत्रण का काम आईटीएमएस से शुरू हो जाएगा।
नौसड़, ट्रांसपोर्ट नगर, रुस्तमपुर, अमर उजाला तिराहा, पैडलेगंज, मोहद्दीपुर, कूड़ाघाट, विश्वविद्यालय चौराहा, गोलघर चौराहा, कचहरी चौराहा, शास्त्री चौक, बेतियाहाता चौक, आंबेडकर चौक, छात्रसंघ चौराहा, यातायात चौराहा, पादरी बाजार चौक, असुरन चौराहा, बरगदवा चौराहा, अग्रसेन चौराहा व खजांची चौराहे पर कैमरा व बत्ती लगाने का काम पूरा हो चुका है। इनका ट्रॉयल भी हो चुका है। इसके अलावा काली मंदिर तिराहे पर बत्ती लगाने का काम चल रहा है।
आईटीएमएस के तहत प्रमुख चौराहों पर उच्च क्षमता वाले कैमरे लगे हैं। वाई-फाई युक्त ये सभी कैमरे कंट्रोल रूम से जुड़े हुए हैं। कंट्रोल रूम में बैठा व्यक्ति कैमरों को जूम करके चौराहे की छोटी से छोटी घटना को देख सकता है। किसी व्यक्ति की पहचान करने में भी ये कैमरे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
आईटीएमएस का कंट्रोल रूम भी सक्रिय हो चुका है। हर दिन सुबह से लेकर शाम तक वाहन चालकों को बताया जा रहा है कि वे कहां यातायात नियम का उल्लंघन कर रहे हैं। बार-बार गलती करने वालों को चेतावनी भी दी जा रही है। कंट्रोल रूम में कार्यरत कर्मचारियों ने बताया कि सारी तैयारी हो चुकी है। जल्दी ही इस पर अमल कराया जाएगा।
एसपी यातायात डॉ. एमपी सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद लोगों को यातायात नियमों के प्रति अभियान चलाकर सजग किया जाएगा। आईटीएमएस का ट्रॉयल हो चुका है। लोगों को लगातार सचेत किया जा रहा है कि वे नियमों का पालन करें। होली बाद नियम तोड़ने वालों पर सख्ती की जाएगी।