गोरखपुर जिले के गोला, झंगहा और उरुवा इलाके में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, चार लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
गोला प्रतिनिधि के मुताबिक, इलाके के तहसील चौराहे पर मंगलवार की सुबह तीन कार एक दूसरे से टकरा गईं। इस दौरान इलाके के चिकनहिया निवासी रमई (30) एक कार के चपेट में आ गए। वह कार में ही फंस कर करीब 300 मीटर तक घसीटता चले गए। इससे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है।
झंगहा प्रतिनिधि के मुताबिक, इलाके के गहिरा पेट्रोल पंप के पास सोमवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। उसकी पहचान गहिरा निवासी कन्हैया राजभर (25) के रूप में हुई। वह मजदूरी कर बाइक से घर जा रहा था। इस दौरान गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में ठोकर मार दिया। कन्हैया हेलमेट नहीं लगाया था। उसकी शादी नहीं हुई थी।
उरुवा प्रतिनिधि के मुताबिक, इलाके में सोमवार रात ट्रक ने पीछे से कार में ठोकर मार दी। हादसे में किशोर की मौत हो गई। जबकि उसके परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, धुरियापार निवासी रमेश तिवारी के बेटे वैभव की बरात 16 मई को संतकबीरनगर के धनघटा इलाके के सांठी बाजार गई थी। धुरियापार निवासी जयप्रकाश तिवारी (50), निखिल तिवारी (20), जयदेव (40), कार चालक रामउजागिर तिवारी और 15 वर्षीय नवीन कार में सवार होकर बरात गए थे। ये सभी एक ही परिवार के हैं। रात में हादसे में नवीन की मौत हो गई। जबकि, बड़े भाई निखिल, जयदेव की हालत गंभीर होने पर वे आईसीयू में भर्ती हैं। जयप्रकाश तिवारी और रामउजागिर को हल्की चोटें आई हैं। उधर, गाड़ी को लेकर ड्राइवर फरार हो गया।