जानकारी के मुताबिक, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में अवैध रूप से मजदूरों को पैसा का लालच देकर खून बेचने का काम चल रहा है। गुलरिहा पुलिस ने 27 अगस्त को मजदूर गोरख चौहान निवासी कमता बुजुर्ग थाना पनियरा महराजगंज की शिकायत पर केस दर्ज करते हुए सरगना समेत तीन को जेल भिजवा दिया।
पुलिस ने पूछताछ और मोबाइल नंबर की सीडीआर की मदद से जांच की तो दो कर्मचारियों और एक अन्य के नाम सामने आए। जांच के बाद पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के स्लीपर काॅलोनी में कमरा नंबर 100 में रहने वाले रजनीश यादव, राम आशीष और गिरोह में शामिल शिवातुल्लाह उर्फ अब्दुल को दबोच लिया।
इसे भी पढ़ें: रेलवे अफसर रिश्वतखारी कांड: जोशी का क्या बोलें...यहां तो पूरी दाल ही काली निकली
पूछताछ में पता चला कि संविदा कर्मचारी बीआईएस संस्था के माध्यम से रखे गए थे। यह वार्ड स्वीपर और मरीज अटेंडेंट का काम करते थे। इस वजह से किस मरीज को खून की जरूरत है, इसकी जानकारी इन्हें होती थी। मरीज से पहले ये लोग सीधे बात करते थे। बताते थे, कुछ रुपये में खून मिल सकता है। परेशान तीमारदार तत्काल तैयार हो जाता था। फिर खून माफिया वसील का नंबर दिया जाता था।
रुपयों की सेटिंग होने के बाद केशरदेव या फिर शिवातुल्लाह से डोनर के लिए संपर्क करते थे। इसके बाद केशरदेव डोनर को ब्लड बैंक में पहुंचाता था और खून को निकालकर बेच दिया जाता था। रकम में कमीशन शिवातुल्लाह और कर्मचारियों को दी जाती थी। चौकी इंचार्ज विवेक मिश्रा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में भी पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें: अधिवक्ताओं ने प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर जताया विरोध, जानिए क्या है पूरा मामला
बिहार के गोपालगंज इलाके के एक गांव से आया शिवातुल्लाह मेडिकल कॉलेज के गेट के पास लिट्टी-चोखा की दुकान चलाता था। करीब चार साल तक उसने दुकान चलाई, लेकिन इसी बीच खून माफिया के संपर्क में आ गया। पहले तो दुकान से ही मजदूरों की सेटिंग करता था, लेकिन जब मजदूरों में उसकी पैठ ठीक हो गई और गिरोह का सक्रिय सदस्य हो गया तो एक साल पहले दुकान बंद कर दी। उसके मोबाइल फोन से पुलिस को कई मजदूरों के नंबर मिले हैं। इसके आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है।