संक्रमित महिला की मौत। (सांकेतिक)
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर जिले के बखिरा क्षेत्र के पटवरिया गांव की रहने वाली किशोरी की शुक्रवार की रात संदिग्ध हाल में मौत हो गई। शनिवार को सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन जहां किशोरी के जरिए आत्मघाती कदम उठाए जाने की बात बताए, वहीं आत्मघाती कदम उठाने की वजह को लेकर अनभिज्ञता जताई। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही थी।
पटवरिया गांव निवासी शीतल पत्नी रामभवन चौहान ने बताया कि वह शुक्रवार की रात खाना खाकर अपनी 17 वर्षीय बेटी प्रिया के साथ मकान के दूसरे मंजिल पर सोने गई थी। रात में चारपाई पर बेटी भी उसके बगल में सोई हुई थी। सुबह नींद खुलने पर बेटी चारपाई पर नहीं मिली।
घर में एक कमरा अंदर से बंद मिला। आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। कमरे के दरवाजे में बने सुराख से देखा तो उसकी बेटी फंदे से लटक रही थी। यह दृश्य देखकर वह घबड़ाकर शोर मचाई। शोर सुनकर घर के अन्य सदस्य भी पहुंच गए।
घर के अन्य सदस्यों की मदद से बंद कमरे के दरवाजे को आनन-फानन तोड़ा गया। फंदे से शव को नीचे उतारा गया। तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। किशोरी के जरिए आत्मघाती कदम उठाए जाने की वजह को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही थी।
एसओ चंदन कुमार ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।