राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारी पूरी हो गई है। विभाग ने 65 डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई है। इसमें 10 महिला डॉक्टर शामिल हैं। इसके अलावा एयरपोर्ट, पिपरी व सोनबरसा में एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) व सामान्य एंबुलेंस की तैनाती की गई है। साथ ही आम जनता के इलाज के लिए दोनों कार्यक्रम स्थलों पर डॉक्टर और दवाओं के साथ एक-एक सचल दल तैनात किया गया है।
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने शुक्रवार को सभी डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की ऑनलाइन बैठक कर निर्देश दिया है कि समय से अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहें। किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि देश की प्रथम महिला का भी आगमन हो रहा है, इसलिए 10 महिला डॉक्टरों की भी तैनाती की गई है।
डॉक्टरों के अलावा 75 पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है। 24 एंबुलेंस लगाई गई हैं, इसमें सात एएलएस शामिल हैं। एयरपोर्ट पर तीन व दोनों कार्यक्रम स्थलों पर दो-दो एएलएस लगाई गई हैं। तीनों जगहों पर दो-दो डॉक्टर फूड सैंपलिंग के लिए तैनात किए गए हैं।
पिपरी व सोनबरसा में बने हेलीपैड पर दो-दो 108 नंबर एंबुलेंस खड़ी रहेंगी। अन्य एंबुलेंस कार्यक्रम स्थलों पर तैनात की गई हैं। ताकि जरूरत पड़ने पर सामान्य जन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके। पूरी टीम की निगरानी की जिम्मेदारी एसीएमओ डॉ. एन. प्रसाद व वरिष्ठ सहायक आइडी सिंह को दी गई है।