सहारा समूह के संस्थापक सुब्रत रॉय के निधन के बाद अब निवेशकों को अपनी जमापूंजी डूबने का डर सताने लगा है। सेबी के दखल के बाद कल तक रुपये मिलने की उम्मीद पाले निवेशकों की धड़कनें बढ़ गईं हैं। बुधवार को कई लोगों ने सहारा के ऑफिस में संपर्क भी किया, सभी को भरोसा दिया गया है कि उनका पैसा जरूर मिलेगा। इसे लेकर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी लोग कर चुके हैं।
कंपनी क्या निर्णय लेगी, इसका तो डर है ही
मेरे 38 लाख रुपये फंसे हुए हैं। कंपनी की ओर से रुपये की वापसी की प्रक्रिया भी कराई जा चुकी है। लेकिन, इसी बीच सुब्रत रॉय के निधन से एक बार फिर रुपये डूबने का डर सताने लगा है। अब कंपनी में नया डायरेक्टर कौन होगा, उसका क्या फैसला होगा, जैसे तमाम सवाल मन में उठने लगे हैं।
-प्रवीण गुप्ता, गुलरिहा।
जमा धनराशि अब भगवान भरोसे
सहारा इंडिया के प्रमुख सुब्रत रॉय सहारा के निधन की सूचना के बाद अब यही लग रहा है कि निवेश की रकम अब भगवान भरोसे ही है। अब यह आने वाले समय में ही तय हो पाएगा कि रकम मिलेगी या नहीं। अब इस कंपनी का मालिक कौन होगा और जनता की गाढ़ी कमाई के भुगतान के लिए सरकार क्या फैसला लेती है।
-अनंत कुमार पटवा, धुरियापार।